×

वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ा, राहत-बचाव तैयारियों पर प्रशासन की पैनी नजर

वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ा, राहत-बचाव तैयारियों पर प्रशासन की पैनी नजर
  1. वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ा, मंडलायुक्त बोले—राहत कार्यों में न हो लापरवाही

वाराणसी। लगातार हो रही बारिश और ऊपरी क्षेत्रों से पानी छोड़े जाने के कारण गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। शुक्रवार को गंगा का जलस्तर तीन सेंटीमीटर बढ़कर 61.93 मीटर दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले यह 61.90 मीटर था। वहीं, वरुणा नदी का जलस्तर 68.15 मीटर पर स्थिर बना हुआ है। फिलहाल दोनों नदियां खतरे के निशान से नीचे हैं, लेकिन जलस्तर में हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।

बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए मंडलायुक्त एस. राजालिंगम ने शुक्रवार को वाराणसी मंडल के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर राहत एवं बचाव तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ चौकियों पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर सहित मंडल के सभी जिलों की बाढ़ तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जाएं तथा प्रभावित लोगों तक समय पर भोजन, पेयजल, दवाएं और अन्य आवश्यक सुविधाएं पहुंचाई जाएं।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राहत शिविरों, बाढ़ चौकियों, नावों, चिकित्सा टीमों और अन्य संसाधनों को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। साथ ही जलस्तर पर लगातार नजर रखते हुए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे किसी भी संभावित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

Share this story