दिवाली पर घर जाने की टेंशन खत्म! वाराणसी से चलेंगी 4 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें
वाराणसी। दिवाली और त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने वाराणसी से दिल्ली, चंडीगढ़, पटना और फिरोजपुर के बीच चार जोड़ी विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों के चलने से त्योहार पर घर लौटने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। रेलवे ने अलग-अलग तिथियों में इन ट्रेनों के संचालन की समय-सारिणी जारी की है।
वाराणसी से दिल्ली के बीच गाड़ी संख्या 04209 वाराणसी-दिल्ली जंक्शन विशेष ट्रेन का संचालन दो अक्टूबर से 27 नवंबर तक किया जाएगा। यह ट्रेन कुल 25 फेरे लगाएगी। ट्रेन प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को वाराणसी कैंट स्टेशन से रात 10:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 1:45 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी।
इसी क्रम में गाड़ी संख्या 04512/04511 चंडीगढ़-पटना जंक्शन-चंडीगढ़ आरक्षित विशेष एक्सप्रेस एक अक्टूबर से 26 नवंबर तक चलेगी। चंडीगढ़ से पटना जाने वाली गाड़ी संख्या 04512 शाम 4:35 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04511 सुबह 4:40 बजे वाराणसी से होकर गुजरेगी।
इसके अलावा गाड़ी संख्या 04616/04615 फिरोजपुर कैंट-पटना जंक्शन-फिरोजपुर कैंट आरक्षित फेस्टिवल विशेष एक्सप्रेस का संचालन छह अक्टूबर से 24 नवंबर तक किया जाएगा। पटना की ओर जाने वाली ट्रेन दोपहर 12:40 बजे वाराणसी जंक्शन से होकर गुजरेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 04615 रात 12:50 बजे वाराणसी जंक्शन से रवाना होगी।
वहीं गाड़ी संख्या 04227/04228 वाराणसी-चंडीगढ़-वाराणसी आरक्षित फेस्टिवल विशेष एक्सप्रेस एक अक्टूबर से 29 नवंबर तक संचालित होगी। गाड़ी संख्या 04227 वाराणसी से सुबह 11:05 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:20 बजे चंडीगढ़ स्टेशन पहुंचेगी।
रेलवे के इस फैसले से दिवाली और अन्य त्योहारों के दौरान दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़ और बिहार की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त आवागमन सुविधा मिलेगी। विशेष ट्रेनों के संचालन से नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
