विद्युत पेंशनर्स परिषद का षष्ठम् आंचलिक सम्मेलन सम्पन्न
वाराणसी। विद्युत पेंशनर्स परिषद, उत्तर प्रदेश के वाराणसी क्षेत्र का षष्ठम् आंचलिक सम्मेलन शनिवार को महमूरगंज स्थित शगुन लॉन में आयोजित किया गया। सम्मेलन का शुभारंभ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री (श्रम एवं सेवायोजन) अनिल राजभर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के वाराणसी अंचल अध्यक्ष इं. अशोक कुमार सिंह ने की।
सम्मेलन के दौरान परिषद की ओर से पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर 11 सूत्रीय मांग-पत्र कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर तथा पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) को सौंपा गया। मांग-पत्र में विद्युत पेंशनरों को अष्टम वेतन आयोग की संस्तुतियों का लाभ दिए जाने, राज्य सरकार के पेंशनरों की तर्ज पर कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा एलएमबी-10 की सुविधा कर्मचारियों एवं पेंशनरों के लिए यथावत बनाए रखने सहित अन्य मांगें शामिल रहीं।
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने परिषद की मांगों पर न्यायसंगत विचार करते हुए उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल का आश्वासन दिया। सम्मेलन में प्रदेश के करीब 78 हजार संविदाकर्मियों को आउटसोर्स निगम में शामिल किए जाने की मांग भी उठाई गई। इस पर मंत्री ने मंच से सकारात्मक पहल किए जाने की बात कही।
सम्मेलन में वाराणसी क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों से करीब एक हजार पेंशनर एवं पारिवारिक पेंशनर शामिल हुए। इस अवसर पर 80 वर्ष से अधिक आयु के 45 वरिष्ठ पेंशनरों को शाल एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। परिषद के महासचिव अतिन गांगुली ने संगठन की गतिविधियों, उपलब्धियों एवं लंबित मांगों की जानकारी प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के समापन पर वाराणसी अंचल अध्यक्ष इं. अशोक कुमार सिंह ने अतिथियों, पदाधिकारियों एवं सभी पेंशनरों के प्रति आभार व्यक्त किया। सम्मेलन के दूसरे सत्र में वाराणसी अंचल की आगामी दो वर्षों की कार्यकारिणी के चुनाव की प्रक्रिया भी शुरू की गई।
