×

BHU हॉस्टल मेस की बदहाल व्यवस्था! पराठे में मिला शीशा, पहले सब्जी में निकली थी छिपकली...

बीएचयू के न्यू पीएचडी गर्ल्स हॉस्टल की मेस में पराठे से शीशे का टुकड़ा मिलने पर छात्राओं में आक्रोश फैल गया। एक दिन पहले डालमिया छात्रावास की सब्जी में छिपकली मिलने का मामला भी सामने आया था।
BHU के गर्ल्स हॉस्टल के पराठे में मिला शीशे का टुकड़ा, छात्राओं में आक्रोश

वाराणसी। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में मेस के भोजन की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। डालमिया छात्रावास की सब्जी में छिपकली मिलने की घटना के अगले ही दिन बृहस्पतिवार को न्यू पीएचडी गर्ल्स हॉस्टल के मेस में परोसे गए पराठे में शीशे का टुकड़ा मिलने से छात्राओं में नाराजगी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, हॉस्टल की एक छात्रा जब भोजन कर रही थी, तभी उसके पराठे में शीशे का टुकड़ा निकला। घटना सामने आते ही मेस में मौजूद छात्राओं ने विरोध जताया और मेस प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया।

छात्राओं का कहना है कि भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन प्रशासन और मेस प्रबंधन ने गंभीरता नहीं दिखाई। आरोप है कि पराठे में शीशा निकलने जैसी गंभीर घटना को भी सामान्य बताने की कोशिश की गई, जिससे छात्राओं का आक्रोश और बढ़ गया।

छात्राओं के विरोध के बाद मेस प्रबंधन की ओर से मामले में जांच कराने और मेस मैनेजर से बात करने का आश्वासन दिया गया। हालांकि छात्राओं ने भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही बीएचयू के डालमिया छात्रावास की मेस संख्या चार में बनी सब्जी में छिपकली मिलने का मामला सामने आया था। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया है। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने हॉस्टल मेस की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share this story