महादेव को चढ़ेगा बाटी-चोखा का भोग, 30 नवंबर को सजेगा लोटा-भंटा मेला
वाराणसी। काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा ऐतिहासिक लोटा-भंटा मेला इस वर्ष 30 नवंबर (सोमवार) को रामेश्वर धाम में आयोजित किया जाएगा। पंचांग के अनुसार मेले की तिथि 29 नवंबर (रविवार) निर्धारित थी, लेकिन स्थानीय परंपरा के तहत रविवार को बैंगन (भंटा) नहीं भूनने की मान्यता के चलते आयोजन एक दिन आगे बढ़ा दिया गया है। मंदिर समिति और स्थानीय लोगों की सहमति से अब मेले की तैयारियां 30 नवंबर को होने वाले आयोजन के मद्देनजर की जा रही हैं।
काशी की प्रसिद्ध पंचक्रोशी यात्रा के तीसरे पड़ाव रामेश्वर धाम में लगने वाला यह मेला धार्मिक आस्था और लोक परंपरा का अनूठा संगम माना जाता है। इस अवसर पर श्रद्धालु उपले की आग पर बाटी और बैंगन का चोखा तैयार कर भगवान रामेश्वर महादेव को भोग अर्पित करते हैं। इसके बाद परिवार के साथ प्रसाद ग्रहण करते हैं। विशेष रूप से संतान प्राप्ति की कामना करने वाले दंपती और मनोकामना पूरी होने पर श्रद्धालु यहां पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं।
संतान प्राप्ति की मान्यता से जुड़ी है मेले की परंपरा
लोटा-भंटा मेले के पीछे एक प्राचीन लोककथा प्रचलित है। मान्यता है कि सैकड़ों वर्ष पहले एक निःसंतान दंपती ने रामेश्वर धाम पहुंचकर भगवान रामेश्वर महादेव से संतान प्राप्ति की प्रार्थना की थी। मनोकामना पूरी होने के बाद दंपती अगहन मास में यहां आया और उपले की आग पर बाटी-चोखा बनाकर भगवान शिव को अर्पित किया। इसके बाद से ही यहां बाटी-चोखा का भोग लगाने की परंपरा शुरू हुई, जो आज भी जारी है। पूर्वांचल के विभिन्न जिलों के अलावा बिहार से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस मेले में पहुंचते हैं।
भगवान श्रीराम से भी जुड़ा है रामेश्वर धाम का पौराणिक महत्व
रामेश्वर धाम का धार्मिक महत्व भगवान श्रीराम से भी जुड़ा हुआ है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, लंका विजय के बाद रावण वध से जुड़े ब्रह्महत्या दोष के प्रायश्चित के लिए भगवान श्रीराम यहां आए थे। मान्यता है कि उन्होंने वरुणा नदी के तट की रेत से शिवलिंग की स्थापना कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की थी। इसी वजह से यह स्थल श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है।
10 किलोमीटर के दायरे में होगा मेला, सुरक्षा के इंतजाम
मेले को लेकर रामेश्वर और आसपास के क्षेत्रों में तैयारियां तेज हो गई हैं। मेला परिसर में मनोरंजन के लिए झूले, चरखे और विभिन्न प्रकार की दुकानें सजने लगी हैं। करीब 10 किलोमीटर के दायरे में लगने वाले इस मेले में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। बड़ागांव और जंसा थाना क्षेत्रों तक फैले मेला क्षेत्र में भीड़ और यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की तैयारियां की हैं।
मेले में कई थानों की पुलिस के साथ पीएसी, महिला पुलिसकर्मियों और अग्निशमन दल की तैनाती की जाएगी। अधिकारियों की ओर से अब तक व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की जा चुकी है।
पेयजल, रोशनी और नदी तट पर सुरक्षा की मांग
रामेश्वर मंदिर के पुजारी अनूप तिवारी और जगापट्टी के ग्राम प्रधान घनश्याम सिंह यादव ने श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर प्रशासन से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की है। उन्होंने मेला क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, नियमित साफ-सफाई और भीड़ नियंत्रण के लिए मजबूत बैरिकेडिंग कराने पर जोर दिया है।
इसके अलावा वरुणा नदी में स्नान और आचमन करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए नदी तट पर सुरक्षा रस्सी, नाव, गोताखोर और ट्यूब की व्यवस्था कराने की मांग की गई है, ताकि मेले के दौरान किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
