नमो घाट के ऊपर गूंजा सुपरसोनिक विमानों का शोर, आसमान में दिखे हैरतअंगेज हवाई करतब
वाराणसी। काशी में प्रस्तावित भारतीय वायुसेना के एयर शो से पहले सोमवार को नमो घाट के ऊपर सुपरसोनिक विमानों की गर्जना सुनाई दी। सुबह करीब 10:40 बजे आसमान में तेज गति से उड़ते विमानों को देखकर आसपास के क्षेत्रों में लोगों की उत्सुकता बढ़ गई। कई लोग अपने घरों की छतों पर पहुंच गए और विमानों की गतिविधियों को देखने लगे।
नमो घाट और आसपास के इलाकों में वायुसेना के विमानों की उड़ान आकर्षण का केंद्र बनी रही। तीन विमान करीब 11:35 बजे तक आसमान में हवाई करतब दिखाते नजर आए। विमान कभी बादलों के बीच ओझल हो जाते तो कुछ देर बाद तेज रफ्तार से उड़ान भरते हुए दिखाई देते। इस दौरान लोगों ने विमानों की गतिविधियों को देखने के साथ उन्हें मोबाइल कैमरों में कैद करने का प्रयास किया।
लूप और बैरल रोल से दिखा रोमांचक नजारा
विमानों ने आसमान में लूप, बैरल रोल और लो पास जैसे हवाई करतबों का प्रदर्शन किया। लूप के दौरान विमान ने आसमान में गोलाकार उड़ान भरी, जबकि बैरल रोल में विमान अपनी धुरी पर घूमते हुए आगे बढ़ते दिखाई दिए। लो पास के दौरान विमानों ने अपेक्षाकृत कम ऊंचाई पर तेज गति से उड़ान भरी। इन गतिविधियों के दौरान विमानों की तेज आवाज दूर तक सुनाई देती रही।
विमानों की लगातार आवाजाही के कारण आसपास के क्षेत्रों में लोगों की नजरें आसमान पर टिकी रहीं। विमान दिखाई देते ही लोग उन्हें देखने के लिए छतों और खुले स्थानों पर पहुंच जाते थे। हवाई करतबों ने शहरवासियों के बीच आगामी एयर शो को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।
एयर शो को लेकर तैयारियां तेज
वाराणसी में भारतीय वायुसेना के एयर शो के आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित होने वाले इस प्रदर्शन में वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम सहित अन्य विमानों के प्रदर्शन की योजना है। नमो घाट को इस आयोजन के प्रमुख स्थलों में शामिल किया गया है।
प्रस्तावित एयर शो में विमानों के समन्वित प्रदर्शन और हवाई करतबों के जरिए वायुसेना की दक्षता, अनुशासन और तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन किया जाएगा। सोमवार को विमानों की उड़ान और करतबों ने काशीवासियों के बीच आयोजन को लेकर उत्साह बढ़ा दिया। अब शहरवासियों को एयर शो के दौरान आसमान में होने वाले भव्य प्रदर्शन का इंतजार है।
