×

शीतला धाम जाने वाला प्रमुख मार्ग बदहाल, जलभराव और गड्ढों से श्रद्धालु परेशान

शीतला धाम जाने वाला प्रमुख मार्ग बदहाल, जलभराव और गड्ढों से श्रद्धालु परेशान
शीतला धाम जाने वाले दर्शनार्थियों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी परेशानी, व्यापारियों ने सड़क मरम्मत और जलनिकासी की मांग उठाई

रोहनिया। आराजी लाइन विकासखंड क्षेत्र के मोहनसराय चौराहे के समीप स्थित मोहनसराय-अदलपुरा मार्ग हल्की बारिश के बाद ही जलभराव और बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो जाता है। सड़क पर बदबूदार सीवर का पानी भरने से अदलपुरा स्थित माता शीतला धाम जाने वाले श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों तथा राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा सर्विस रोड के किनारे बनाए गए नाले की जलनिकासी व्यवस्था प्रभावी नहीं है। नाले के ओवरफ्लो होने के कारण सीवर का पानी सीधे अदलपुरा मार्ग पर फैल जाता है, जिससे पूरी सड़क जलमग्न हो जाती है। लगातार जलभराव के कारण सड़क भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं।

शीतला धाम जाने वाला प्रमुख मार्ग बदहाल, जलभराव और गड्ढों से श्रद्धालु परेशान

इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में माता शीतला धाम के दर्शनार्थी, स्कूली बच्चे, दोपहिया वाहन चालक और स्थानीय लोग आवागमन करते हैं। जलभराव के बीच से गुजरने के दौरान कई बार बाइक और साइकिल सवार असंतुलित होकर गड्ढों में गिर चुके हैं, जिससे उन्हें चोटें भी आई हैं। वहीं पैदल चलने वाले लोगों पर गंदे पानी के छींटे पड़ने से उन्हें भी असुविधा का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण इस मार्ग से लोगों का आवागमन कम हो गया है। इसका सीधा असर उनके कारोबार पर पड़ रहा है और कई दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

शीतला धाम जाने वाला प्रमुख मार्ग बदहाल, जलभराव और गड्ढों से श्रद्धालु परेशान

क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का भी समय-समय पर आवागमन होता है, बावजूद इसके समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। लोगों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत, गड्ढों को भरवाने तथा जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।

Share this story