दालमंडी में आखिरी छह मकान भी ध्वस्त, काशी विश्वनाथ मंदिर मार्ग चौड़ीकरण की राह साफ
वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र स्थित दालमंडी में काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर चार तक जाने वाले मार्ग के चौड़ीकरण की बड़ी बाधा दूर हो गई है। सोमवार को प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की टीम ने अंतिम छह मकानों को भी ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
दालमंडी मार्ग के चौड़ीकरण के लिए कुल 181 भवनों और कई धार्मिक स्थलों को चिह्नित किया गया था। इनमें से अधिकांश भवनों को पहले ही हटाया जा चुका था। अंतिम चरण में छह मकानों के ध्वस्तीकरण के बाद मार्ग चौड़ीकरण के लिए निर्धारित क्षेत्र पूरी तरह खाली हो गया है।
अब करीब 212.59 करोड़ रुपये की लागत से सड़क चौड़ीकरण, सुंदरीकरण, सीवरेज, फुटपाथ और स्ट्रीट लाइट समेत अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे। योजना के तहत फुटपाथ के नीचे डक्ट भी बनाया जाएगा, जिसमें बिजली, सीवर, जलापूर्ति और अन्य भूमिगत लाइनों को व्यवस्थित किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार ध्वस्तीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। अब सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्यों को गति दी जाएगी। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान किसी तरह के विरोध की सूचना नहीं मिली।
