काशी कला कस्तूरी का स्थापना दिवस समारोह संपन्न, तीन विभूतियां सम्मानित
वाराणसी। नगर की सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था काशी कला कस्तूरी की ओर से शनिवार को स्थापना दिवस एवं ‘कस्तूरी रत्न’ सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। रथयात्रा स्थित कन्हैया लाल स्मृति भवन सभागार में आयोजित समारोह में साहित्य और कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी रहे। इस अवसर पर ख्यातिलब्ध साहित्यकार एवं बीएचयू के पूर्व आचार्य प्रो. अवधेश प्रधान को साहित्य के क्षेत्र में उनके विशिष्ट योगदान के लिए ‘कस्तूरी रत्न’ सम्मान से विभूषित किया गया।
संस्था की ओर से पहली बार ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड’ साहित्यकार एवं ‘सोच विचार’ पत्रिका के प्रधान संपादक डॉ. जितेंद्र मिश्र को प्रदान किया गया। वहीं, काशी की युवा शास्त्रीय एवं उपशास्त्रीय गायिका अलंकृता रॉय को उनकी संगीत प्रतिभा के लिए ‘उदीयमान कलाकार अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
समारोह के माध्यम से काशी की समृद्ध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को सम्मानित करने के साथ साहित्य और संगीत के क्षेत्र में योगदान देने वाली प्रतिभाओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
