×

नमो घाट पर भजन क्लबिंग की गूंज, बैकस्टेज सिबलिंग्स ने बांधा समां

 प्राची और राघव अग्रवाल की प्रस्तुति से हुआ काशी गंगा महोत्सव का भव्य शुभारंभ, भक्ति के रंग में रंगा नमो घाट

वाराणसी। नमो घाट पर शुक्रवार को भक्ति और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिला। उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से आयोजित चार दिवसीय काशी गंगा महोत्सव का शुभारंभ मशहूर भाई-बहन की जोड़ी ‘बैकस्टेज सिबलिंग्स’ यानी प्राची और राघव अग्रवाल की विशेष प्रस्तुति के साथ हुआ। इस दौरान नमो घाट श्रद्धालुओं, युवाओं और संगीत प्रेमियों से खचाखच भरा रहा।

प्राची और राघव ने अपनी प्रस्तुति में लोकप्रिय भजनों को आधुनिक अंदाज में पेश कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। खास बात यह रही कि कार्यक्रम में पारंपरिक भजन संध्या से अलग ‘भजन क्लबिंग’ का अनुभव देखने को मिला। इसमें श्रोता केवल संगीत सुनने तक सीमित नहीं रहे, बल्कि खुद भी कलाकारों के साथ भजनों को गाते नजर आए। गंगा तट पर सामूहिक गायन और भक्ति का यह माहौल देर तक आकर्षण का केंद्र बना रहा।

प्राची अग्रवाल ने कहा कि काशी ऐसी जगह है, जहां भक्ति सबसे जीवंत रूप में महसूस होती है। जब लोग केवल श्रोता न रहकर एक साथ गाने लगते हैं, तभी भजन क्लबिंग का वास्तविक उद्देश्य पूरा होता है। वहीं राघव अग्रवाल ने कहा कि इस वर्ष वे भजन क्लबिंग को डबलिन, लंदन और दक्षिण अफ्रीका सहित कई अंतरराष्ट्रीय मंचों तक ले गए, लेकिन काशी में महादेव के चरणों में भजन प्रस्तुत करना उनके लिए विशेष सम्मान और सौभाग्य की बात है।

देव दीपावली से पहले आयोजित हो रहा काशी गंगा महोत्सव 23 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान देशभर से आए करीब 45 कलाकार शास्त्रीय संगीत, भजन, लोकगीत और विभिन्न नृत्य शैलियों की प्रस्तुतियां देंगे। महोत्सव का उद्देश्य काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और भारतीय कला परंपराओं को मंच प्रदान करना है।

गौरतलब है कि बैकस्टेज सिबलिंग्स ने हाल ही में जुलाई से अक्टूबर 2026 के बीच सात देशों में भजन क्लबिंग का अंतरराष्ट्रीय दौरा किया था। इसमें जर्मनी के जस्ट लव फेस्टिवल के अलावा सिंगापुर, जकार्ता, डबलिन, लंदन, डरबन, जोहान्सबर्ग और मॉरीशस में प्रस्तुतियां शामिल रहीं। इस दौरान कई कार्यक्रम हाउसफुल रहे। जोड़ी को यूके पार्लियामेंट और दक्षिण अफ्रीका के डरबन स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास की ओर से भी आमंत्रित किया गया था। काशी में उनकी प्रस्तुति ने महोत्सव के पहले दिन को यादगार बना दिया।

Share this story