×

हर पात्र बेटी तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ, डीएम सत्येंद्र कुमार ने दिए सख्त निर्देश

हर पात्र बेटी तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ, डीएम सत्येंद्र कुमार ने दिए सख्त निर्देश
कन्या सुमंगला और बाल सेवा योजना की समीक्षा, डीएम बोले—हर पात्र लाभार्थी तक पहुंचे योजना

वाराणसी। जिले की प्रत्येक पात्र बेटी, महिला और बच्चे तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति, डिस्ट्रिक्ट चाइल्ड हेल्पलाइन यूनिट, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना तथा हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन की संयुक्त समीक्षा बैठक में डीएम ने कहा कि कोई भी पात्र लाभार्थी सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।

बैठक के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज कुमार मिश्र ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति का पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।

कन्या सुमंगला योजना से शत-प्रतिशत पात्र बेटियों को जोड़ने के निर्देश

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत पंजीकृत सभी पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार कर उन्हें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से अनिवार्य रूप से जोड़ा जाए, ताकि जिले की प्रत्येक पात्र बेटी को योजना का लाभ समयबद्ध तरीके से मिल सके।

मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का तत्काल लाभ दिलाने पर जोर

डीएम ने समीक्षा के दौरान कहा कि स्पॉन्सरशिप योजना के अंतर्गत जिन पात्र बच्चों को निर्धारित आर्थिक सहायता नहीं मिल रही है, उनकी पहचान कर सूची तैयार की जाए तथा उन्हें तत्काल मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना से आच्छादित किया जाए।

भिक्षावृत्ति और बाल श्रम के विरुद्ध चलेगा विशेष अभियान

जिलाधिकारी ने रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भीख मांगने अथवा कूड़ा बीनने वाले बच्चों की तत्काल पहचान कर उनका रेस्क्यू करने, संरक्षण उपलब्ध कराने तथा पुनर्वास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित दत्तक ग्रहण प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करते हुए पात्र बच्चों को विधिक प्रक्रिया के तहत दत्तक ग्रहण के लिए मुक्त घोषित करने पर भी विशेष बल दिया।

समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र बच्चे, बेटी एवं महिला तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाल संरक्षण और महिला सशक्तिकरण से जुड़े प्रत्येक मामले में संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही के साथ कार्य किया जाए, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंदों तक पहुंच सके।

Share this story