×

सिगरा के शहीद उद्यान और सोनिया तालाब का बदलेगा स्वरूप, नगर आयुक्त ने तय की तारीख

सिगरा के शहीद उद्यान और सोनिया तालाब का बदलेगा स्वरूप, नगर आयुक्त ने तय की तारीख

वाराणसी। शहर में विकास कार्यों की धीमी प्रगति और लापरवाही पर नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नवागत नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने सोमवार को सिगरा क्षेत्र स्थित शहीद उद्यान और सोनिया तालाब के सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों परियोजनाओं की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

 

शहीद उद्यान के काम में देरी पर अधिशासी अभियंता को नोटिस

 

निरीक्षण के दौरान शहीद उद्यान में सौंदर्यीकरण का कार्य निर्धारित समय के अनुरूप आगे नहीं बढ़ता मिला। कार्य की धीमी गति और प्रभावी निगरानी की कमी पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिशासी अभियंता (सिविल) अगम कटियार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि 10 दिसंबर 2026 तक शहीद उद्यान का सौंदर्यीकरण हर हाल में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। निर्धारित समयसीमा का पालन नहीं होने पर संबंधित कार्यदायी फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की संस्तुति सहित कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सिगरा के शहीद उद्यान और सोनिया तालाब का बदलेगा स्वरूप, नगर आयुक्त ने तय की तारीख

सोनिया तालाब का काम बंद मिलने पर जताई नाराजगी

इसके बाद नगर आयुक्त ने सोनिया तालाब का निरीक्षण किया। यहां सौंदर्यीकरण का कार्य बंद मिला और तालाब में पानी भरा हुआ था। इस पर उन्होंने कार्यदायी फर्म की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताते हुए तत्काल काम शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तालाब में शेष पानी की जल्द निकासी कराई जाए और कार्यस्थल पर श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए। साथ ही आवश्यक मशीनरी और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कर सौंदर्यीकरण का काम युद्धस्तर पर कराया जाए। नगर आयुक्त ने 25 दिसंबर 2026 तक परियोजना पूरी करने की अंतिम समयसीमा तय की। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

सिगरा के शहीद उद्यान और सोनिया तालाब का बदलेगा स्वरूप, नगर आयुक्त ने तय की तारीख

नियमित निगरानी और जवाबदेही तय करने के निर्देश

नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को दोनों परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं में अनावश्यक देरी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता (सिविल) सुरेश चंद्र, आर्किटेक्ट कुणाल कालरा, स्मार्ट सिटी के सीजीएम अमरेंद्र तिवारी सहित अन्य अधिकारी और संबंधित प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Share this story