×

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद मंदिर चोरी कांड का खुलासा, मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार

Varanasi Temple Theft, Hanuman Mandir Theft, Bhelupur Police, Raju Khan Arrested, Kedar Ghat News, Temple Robbery Case, Varanasi Crime News, Silver Ornaments Recovery, ACP Gaurav Kumar, Varanasi Breaking News

वाराणसी। भेलूपुर पुलिस ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद मठ के समीप स्थित हनुमान मंदिर में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए आभूषणों का हिस्सा, चांदी का हार तथा नकद राशि भी बरामद की है।

भेलूपुर क्षेत्र के केदार घाट स्थित श्री हनुमान जी मंदिर में 24 अप्रैल 2026 की रात चोरी की वारदात हुई थी। अज्ञात चोर मंदिर से चांदी का हार, चांदी के आभूषण, पीतल का लोटा एवं अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त एवं उच्चाधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। चौकी प्रभारी और क्राइम टीम के संयुक्त प्रयासों से घटना का सफल अनावरण किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी राजू खान निवासी थाना लंका क्षेत्र को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसके द्वारा चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके विरुद्ध चोरी के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चोरी का सामान आरोपी ने दो व्यापारियों को बेच दिया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों व्यापारियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने चोरी का सामान खरीदकर अपराध में सहयोग किया था।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सामान का हिस्सा, चांदी का हार तथा कुछ नकदी बरामद की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Share this story