बजट सत्र के ऐतिहासिक दिन संसद भवन पहुंचे पीएम श्री राजकीय क्वींस कॉलेज वाराणसी के विद्यार्थी, लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को जाना
नई दिल्ली। पांच दिवसीय एक्सपोज़र विजिट के अंतिम दिन पीएम श्री राजकीय क्वींस कॉलेज, वाराणसी तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने संसद भवन पहुंचकर भारतीय लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। लोकतंत्र के मंदिर कहे जाने वाले संसद भवन में विद्यार्थियों ने संविधान, लोकसभा, राज्यसभा, विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका की भूमिका व संरचना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

यह अवसर इसलिए भी ऐतिहासिक रहा क्योंकि जिस दिन सदन में बजट पेश किया गया, उसी दिन वाराणसी से आए विद्यार्थियों को संसद भवन भ्रमण का अवसर मिला।

विद्यार्थियों ने संसद भवन की आर्ट गैलरी, पुस्तकालय, संविधान सदन सहित विभिन्न दीर्घाओं का अवलोकन कर संसद के निर्माण और विकास के गौरवशाली इतिहास को जाना।

संसद भ्रमण के दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने विद्यार्थियों से मुलाकात कर उन्हें आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ वाराणसी के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर भी चर्चा की। मंत्री से संवाद के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा गया।

प्रधानाचार्य सुमीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जैसे ही अधिकारियों को ज्ञात हुआ कि विद्यार्थी माननीय प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से आए हैं, लोकसभा के एक्जीक्यूटिव ऑफिसर विक्रम सिंह रावत और लोकसभा स्पीकर कार्यालय के अमरनाथ ने पूरे दल को विशेष आत्मीयता के साथ संसद भवन के विभिन्न हिस्सों का मार्गदर्शन कराया। लोकसभा के उपनिदेशक श्री संजय वर्मा ने भी विजिट कार्यक्रम को सुचारु और सहज बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

विजिट प्रभारी सुजीत गोंड और सह प्रभारी सुमी मिश्रा ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा के इतिहास में यह पहली बार है जब वाराणसी के राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को संसद भवन का शैक्षणिक भ्रमण करने का अवसर मिला है। यह अनुभव विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और दृष्टिकोण के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

प्रधानाचार्य श्रीवास्तव ने यह भी बताया कि इस पूरी यात्रा की रूपरेखा जिला विद्यालय निरीक्षक वाराणसी भोलेंद्र प्रताप सिंह के विजन से प्रेरित रही, जिनके प्रयासों से काशी के विद्यार्थियों को देश की राजधानी दिल्ली में लोकतंत्र की सर्वोच्च संस्था को समझने का अवसर प्राप्त हुआ। यह एक्सपोज़र विजिट विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, प्रेरणा और राष्ट्रीय चेतना से जुड़ा अविस्मरणीय अनुभव बन गया।
