वाराणसी में बालिका शिक्षा पर विशेष अभियान: डॉ. मेघा रानी 6–7 मार्च को क्वींस कॉलेज में करेंगी कार्यक्रम प्रस्तावित
वाराणसी। बालिका शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने के उद्देश्य से 6 वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर, पद्म श्री नामांकित एवं 150 से अधिक राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित प्रसिद्ध हिंदी लेखिका डॉ. मेघा रानी 6 और 7 मार्च को वाराणसी प्रवास पर रहेंगी। वे देश की प्राचीनतम शैक्षिक धरोहर पीएम श्री राजकीय क्वींस कॉलेज वाराणसी में बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण से जुड़े विशेष जागरूकता कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा करेंगी।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 234 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद क्वींस कॉलेज में बालिकाओं का प्रवेश प्रारंभ हुआ था। इसी ऐतिहासिक पहल को आगे बढ़ाते हुए डॉ. मेघा रानी विद्यालय परिसर में छात्राओं के लिए शिक्षा के महत्व, आत्मनिर्भरता, स्वास्थ्य जागरूकता और नेतृत्व क्षमता विकास पर केंद्रित अभियान का प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगी।
डॉ. मेघा रानी वर्तमान में राष्ट्रीय मानवाधिकार परिषद की झारखंड राज्य अध्यक्ष भी हैं और वे हिंदी भाषा के उत्थान, महिला अधिकारों तथा बालिका शिक्षा को लेकर वैश्विक स्तर पर सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनका उद्देश्य वाराणसी—जो माननीय प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र भी है—के राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों को सशक्त रूप में पहुंचाना है।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, प्रस्तावित कार्यक्रम के अंतर्गत प्रेरक व्याख्यान, स्वास्थ्य परामर्श सत्र, करियर मार्गदर्शन एवं छात्राओं के लिए विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है।
डॉ. मेघा रानी की इस पहल से वाराणसी में बालिका शिक्षा के क्षेत्र में एक नई ऊर्जा और सकारात्मक संदेश प्रसारित होने की उम्मीद जताई जा रही है।
