×

सीटों की मारामारी के बीच काशी को राहत, वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चल सकती है स्लीपर वंदे भारत

सीटों की मारामारी के बीच काशी को राहत, वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चल सकती है स्लीपर वंदे भारत

वाराणसी। काशीवासियों को जल्द ही स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात मिल सकती है। रेलवे बोर्ड ने वाराणसी जंक्शन (कैंट रेलवे स्टेशन) से नई दिल्ली के बीच स्लीपर वंदे भारत चलाने की दिशा में कवायद शुरू कर दी है। ट्रेन के संचालन के रूट को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। रेलवे स्तर पर फिजिबिलिटी समेत अन्य तकनीकी पहलुओं पर मंथन चल रहा है। माना जा रहा है कि त्योहारी सीजन से पहले ट्रेन का संचालन शुरू हो सकता है। इससे दशहरा और दीपावली के दौरान दिल्ली-वाराणसी के बीच सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

रेल सूत्रों के मुताबिक रेलवे के पास फिलहाल स्लीपर वंदे भारत के दो रैक उपलब्ध हैं। इनमें से एक रैक को पहले बनारस रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली के बीच संचालित करने की योजना बनाई गई थी। इसके लिए बनारस स्टेशन से फिजिबिलिटी रिपोर्ट भी मांगी गई थी। हालांकि, वहां स्लीपर वंदे भारत के रखरखाव और मेंटेनेंस की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण अब इसके संचालन के लिए वाराणसी जंक्शन को प्राथमिकता दिए जाने की तैयारी है।

वाराणसी में ट्रेनों के रखरखाव और परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाएं पहले से मौजूद हैं। इसी को देखते हुए रेलवे बोर्ड वाराणसी जंक्शन से स्लीपर वंदे भारत के संचालन पर विचार कर रहा है। हालांकि, उत्तर रेलवे के अधिकारियों की ओर से अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। वहीं, रेलवे से जुड़े सूत्र फिजिबिलिटी रिपोर्ट मांगे जाने की बात स्वीकार कर रहे हैं।

सीटों की बढ़ती मांग के बीच मिलेगी राहत

वाराणसी और नई दिल्ली के बीच पहले से कई महत्वपूर्ण ट्रेनें संचालित हो रही हैं, इसके बावजूद यात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण ट्रेनों में सीटों की मांग बनी हुई है। बनारस स्टेशन से काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, शिवगंगा एक्सप्रेस और बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस के अलावा वाराणसी जंक्शन से दो वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन होता है। महामना एक्सप्रेस भी सप्ताह में तीन दिन चलती है।

इसके बावजूद खासकर सप्ताहांत और रविवार शाम दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। कई ट्रेनों में ओवरक्राउड की स्थिति देखने को मिलती है। ऐसे में यदि वाराणसी जंक्शन से नई दिल्ली के बीच स्लीपर वंदे भारत का संचालन शुरू होता है तो लंबी दूरी के यात्रियों को तेज और आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा।

त्योहारी सीजन से पहले संचालन की उम्मीद

दशहरा, दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों को देखते हुए ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ने की संभावना है। ऐसे में स्लीपर वंदे भारत का संचालन शुरू होने पर दिल्ली और काशी के बीच सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिल सकेगा। हालांकि, ट्रेन के संचालन की तारीख, समय-सारिणी और रूट को लेकर रेलवे की ओर से आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

Share this story