×

कैंट रेलवे स्टेशन पर सिगरा पुलिस का विशेष अभियान, पांच महिलाएं हिरासत में

वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन पर सिगरा पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर यात्रियों को परेशान करने और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पांच महिलाओं को हिरासत में लिया। पुलिस ने पूछताछ शुरू कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

वाराणसी। यात्रियों की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थलों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सिगरा थाना पुलिस ने शनिवार को कैंट रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान यात्रियों और राहगीरों को परेशान करने तथा संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने के आरोप में पांच महिलाओं को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने सभी महिलाओं से पूछताछ शुरू कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है।

 

थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा के निर्देशन तथा रोडवेज चौकी प्रभारी विकास सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कैंट रेलवे स्टेशन परिसर, रोडवेज बस अड्डा और आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए यात्रियों से मिली शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई।

ये भी  पढ़ें- वाराणसी में स्कूल-कॉलेजों सुरक्षा सख्त,एंटी रोमियो टीमें गठित... 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वाराणसी का कैंट रेलवे स्टेशन पूर्वांचल के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल है, जहां प्रतिदिन हजारों यात्री देश-विदेश से आते-जाते हैं। ऐसे में स्टेशन परिसर और उसके आसपास सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

पुलिस के अनुसार, इसी उद्देश्य से समय-समय पर विशेष अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाती है। स्टेशन परिसर में यात्रियों से जबरन संपर्क करना, उन्हें परेशान करना, अव्यवस्था फैलाना अथवा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ये भी  पढ़ें- वाराणसी में स्कूल-कॉलेजों सुरक्षा सख्त,एंटी रोमियो टीमें गठित... 

सिगरा पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह के अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। साथ ही आम नागरिकों और यात्रियों से अपील की गई है कि यदि स्टेशन परिसर या किसी सार्वजनिक स्थान पर कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे अथवा कोई व्यक्ति उन्हें परेशान करे, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन या निकटतम पुलिसकर्मी को दें।

Share this story