श्री लक्ष्मीकुंड फाउंडेशन के स्थापना दिवस पर 24 घंटे का अखंड श्रीरामायण पाठ, समाज सेवा का लिया संकल्प
वाराणसी (पिंडरा)। श्री लक्ष्मीकुंड फाउंडेशन के स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार को थाना-तहसील पिंडरा स्थित फाउंडेशन के मुख्य कार्यालय में 24 घंटे के अखंड श्रीरामायण पाठ एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया।
वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शुरू हुए इस आयोजन में समाज की सुख-शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की गई।
कार्यक्रम में फाउंडेशन के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सभी ने भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलने और समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
फाउंडेशन के परियोजना कोऑर्डिनेटर गौतम ने बताया कि स्थापना दिवस केवल संगठन की उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और जनकल्याण के क्षेत्रों में निरंतर कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुधीर कुमार सिंह (पूर्व महामंत्री, तहसील बार एसोसिएशन पिंडरा) तथा विशिष्ट अतिथियों में जवाहर लाल वर्मा (पूर्व अध्यक्ष, तहसील बार एसोसिएशन), पंधारी यादव (पूर्व अध्यक्ष, तहसील बार एसोसिएशन), दीपक कुमार सैनी (एडवोकेट) और प्रफुल्ल मौर्य (वरिष्ठ भाजपा नेता) उपस्थित रहे।

सभी अतिथियों ने फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए जनसेवा के अभियान को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।
धार्मिक आयोजन के समापन पर भजन-कीर्तन, आरती और प्रसाद वितरण किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर फाउंडेशन के निदेशक भैयालाल पटेल, सह-निदेशिका बैजन्ती पटेल, वित्त निदेशक शनि कुमार रंजन, परियोजना कोऑर्डिनेटर गौतम, ब्लॉक सुपरवाइजर मनोज कुमार, पूजा शर्मा, इश्वरलाल, विकास कुमार, रंजीत कुमार, आकाश कुमार, जैन आशीष, सुजीत कुमार, शिवपाल यादव सहित फाउंडेशन के अनेक पदाधिकारी, सदस्य और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
