
वाराणसी। चौबेपुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय चंद्रावती में बुधवार बच्चों ने मिशन शक्ति फेज 5 के तहत नारी का सम्मान लघु नाटक का मंचन किया। वहीं विद्यालय में आयोजित लघु नाटक में शिक्षिका डॉ. सुमन कुमारी ने नारी के सम्मान पर प्रकाश डाला। वहीं विद्यालय के बच्चों ने अपने नाटक के माध्यम से बताया कि नारी का सम्मान सर्वोपरि है। उन्होंने सावित्रीबाई फुले और रानी लक्ष्मीबाई जैसे महान महिलाओं के रूप में अपनी भूमिकाएं निभाईं। नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नारी के विभिन्न रूप—बेटी, बहू, और मां पूजनीय हैं।
शिक्षिका ने कहा कि यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता अर्थात जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवताओं का निवास होता है। वहीं शिक्षिका ने कहा कि नारी को सम्मान दिलाने का पहला कदम घर से ही उठाना चाहिए। यदि घर का बेटा अपनी बहन का सम्मान करना सीख लेगा, तो यह समाज में व्यापक बदलाव लाएगा। इस प्रकार के कार्यक्रम नारी की स्थिति और सम्मान को सुदृढ़ करने में सहायक हैं।