×

काशी विश्वनाथ धाम में कलश स्थापना के साथ शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ

काशी विश्वनाथ धाम में कलश स्थापना के साथ शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ

वाराणसी। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन श्री काशी विश्वनाथ धाम में विधि-विधान के साथ कलश स्थापना कर मां भगवती की आराधना का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के अनुरूप पूजन-अनुष्ठान संपन्न हुए। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की उपासना कर सुख, शांति, समृद्धि और लोककल्याण की कामना की।

काशी विश्वनाथ धाम में कलश स्थापना के साथ शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ

नवरात्रि के अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से काशी की अधिष्ठात्री देवी मां विशालाक्षी और मां दुर्गा के नौ स्वरूपों को समर्पित नवदुर्गा मंदिरों के लिए श्रृंगार सामग्री अर्पित की गई। मंदिर न्यास के अनुसार, श्रृंगार सामग्री बाबा श्री विश्वेश्वर को विधि-विधानपूर्वक अवलोकित कराने के बाद अर्पित की गई। इस परंपरा के माध्यम से बाबा विश्वनाथ के प्रति श्रद्धा निवेदित करने के साथ ही शक्ति स्वरूपा मां भगवती के विभिन्न स्वरूपों के प्रति आस्था प्रकट की गई।

काशी की धार्मिक और आध्यात्मिक परंपरा में भगवान शिव और मां आदिशक्ति की उपासना का विशेष महत्व है। यहां शैव और शाक्त परंपराओं का समन्वय सनातन संस्कृति की विशिष्ट पहचान माना जाता है। शारदीय नवरात्रि इसी आस्था और परंपरा का प्रमुख पर्व है, जिसमें नौ दिनों तक मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाती है।

काशी विश्वनाथ धाम में कलश स्थापना के साथ शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ

श्री काशी विश्वनाथ धाम में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान काशी की प्राचीन सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। इस अवसर पर समस्त श्रद्धालुओं के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और मंगल की कामना की गई।

Share this story