×

Shani Jayanti 2026: शनिदेव जयंती पर काशी में विशेष अनुष्ठान, विश्वनाथ धाम समेत 100 से अधिक मंदिरों में होगा पूजन-अर्चन

 Shani Jayanti 2026: शनिदेव जयंती पर काशी में विशेष अनुष्ठान, विश्वनाथ धाम समेत 100 से अधिक मंदिरों में होगा पूजन-अर्चन

वाराणसी। ज्येष्ठ अमावस्या के अवसर पर 16 मई को काशी में शनिदेव जयंती श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई जाएगी। शहर के प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और शृंगार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम, बाबा कालभैरव, मंगला गौरी, संकठा और केदारेश्वर मंदिर सहित सौ से अधिक मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।

धार्मिक मान्यता के अनुसार शनिदेव को न्याय का देवता माना जाता है। इस अवसर पर श्रद्धालु शनि दोष, साढ़ेसाती और जीवन की बाधाओं से मुक्ति की कामना लेकर पूजा करेंगे। मंदिरों में दिनभर मंत्रोच्चार, तेलाभिषेक और विशेष आरती का आयोजन होगा।

विद्वानों के अनुसार इस वर्ष शनिदेव जयंती पर अभिजीत और गोधूलि मुहूर्त में पूजा का विशेष महत्व रहेगा। श्रद्धालु सरसों का तेल, काले तिल, शमी पत्र, काला वस्त्र और नीले पुष्प अर्पित कर शनिदेव को प्रसन्न करने का प्रयास करेंगे।

काशी की धार्मिक परंपराओं में शनिदेव पूजन का विशेष स्थान माना जाता है। मान्यता है कि भगवान शिव की तपस्या के बाद शनिदेव ने काशी में शिवलिंग स्थापित किया था। इसी कारण काशी में शनिदेव जयंती का पर्व विशेष आस्था के साथ मनाया जाता है।

मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से सात्विक आहार अपनाने, पीपल के नीचे दीपदान करने और जरूरतमंदों को दान देने की अपील की गई है। वहीं हनुमान चालीसा पाठ और शनि मंत्र जाप को भी इस दिन अत्यंत फलदायी बताया गया है।

Share this story