सनबीम सनसिटी में ‘सेतु 2026’ का भव्य आयोजन, पुरानी यादों और रिश्तों का फिर जुड़ा कारवां
वाराणसी। सनबीम सनसिटी स्कूल एंड हॉस्टल, करसना में गुरुवार को पूर्व विद्यार्थियों के मिलन समारोह ‘सेतु- द ब्रिज एक्रॉस टाइम्स’ (Setu 2026) का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में स्कूल के पूर्व विद्यार्थी, शिक्षक और प्रबंधन से जुड़े सदस्य एक मंच पर जुटे। इस दौरान पुराने दिनों की यादें ताजा हुईं और वर्षों पुराने रिश्तों को फिर से जीवंत करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं पूर्व विद्यार्थियों के स्वागत और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने संगीतमय प्रस्तुति ‘सुर तरंग’ से समां बांधा। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अर्चना सिंह ने संस्थान की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों और शैक्षणिक विकास की झलक प्रस्तुत की।
समारोह का मुख्य आकर्षण ‘रिवाइंड एंड फॉरवर्ड’ कार्यक्रम रहा। इसमें अलग-अलग वर्षों के लोकप्रिय गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विभिन्न बैचों के विद्यालयी जीवन की यादों को मंच पर जीवंत किया गया। शिक्षकों की ओर से कैरल हेनरिक, अंकु सिंह और रूमीत भटनागर ने अपने अनुभव साझा किए। वहीं पूर्व विद्यार्थियों रजत राज सिंह, मुस्कान और नैन्सी ने भी स्कूल से जुड़ी यादों और अनुभवों को साझा कर माहौल को भावुक बना दिया।
इस अवसर पर सनबीम समूह के कार्यकारी निदेशक हर्ष मधोक ने पूर्व विद्यार्थियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में ‘सनबीम देन एंड नाउ’ वीडियो प्रस्तुति के जरिए विद्यालय के पुराने और वर्तमान स्वरूप की झलक दिखाई गई। इसके साथ ही ‘वार्तालाप- बात करने से बात बनती है’ विषय पर पैनल चर्चा आयोजित हुई, जिसमें संवाद और आपसी जुड़ाव के महत्व पर विचार साझा किए गए।
समारोह में सनबीम समूह की सहायक निदेशिका प्रतिमा गुप्ता, सीओओ आशीष राय, चेयरपर्सन डॉ. दीपक मधोक और वाइस चेयरपर्सन भारती मधोक की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में ‘द गोल्डेन रिवाइंड’ के तहत शिक्षकों ने विशेष संगीतमय प्रस्तुति दी। इसके बाद सभी ने सामूहिक रूप से सनबीम एंथम गाया। समारोह का समापन सामूहिक फोटोग्राफी, लाइव म्यूजिक और नेटवर्किंग डिनर के साथ हुआ। ‘सेतु 2026’ ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि विद्यालय से जुड़ा रिश्ता समय के साथ पुराना नहीं होता, बल्कि यादों और अनुभवों के साथ और मजबूत होता जाता है।
