×

वाराणसी में सनसनीखेज वारदात, साड़ी कारीगर की हत्या, दो अन्य घायल

वाराणसी में सनसनीखेज वारदात, साड़ी कारीगर की हत्या, दो अन्य घायल
 पुलिस चौकी के पास तीन पर हमला, साड़ी कारीगर की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के हनुमान फाटक इलाके में शनिवार तड़के एक हमलावर ने अलग-अलग स्थानों पर तीन लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में साड़ी का पत्ता काटने वाले कारीगर रवि चौहान उर्फ पप्पू (42) की पत्थर से कूंचकर हत्या कर दी गई, जबकि पान की दुकान संचालक अशोक पासवान उर्फ बाबाजी (60) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वहीं, तीसरे घायल गणेशु कनौजिया (55) को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

पुलिस चौकी से महज 40 मीटर दूर हुई वारदात

घटना हनुमान फाटक पुलिस चौकी से करीब 40 मीटर की दूरी पर शनिवार तड़के करीब तीन बजे हुई। पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, हमलावर नेशनल इंटर कॉलेज की ओर से हनुमान फाटक पुलिस चौकी की तरफ आने वाली गली में दाखिल हुआ। सबसे पहले उसने घर के बाहर सो रहे अशोक पासवान पर ईंट-पत्थर से हमला किया।

इसके बाद हमलावर कुछ दूरी पर स्थित एक दुकान में पहुंचा, जहां साड़ी कारीगर पप्पू सो रहा था। आरोप है कि हमलावर ने पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। वहां से भागते समय उसने घर के बाहर सो रहे गणेशु कनौजिया पर भी ईंट से हमला किया और हनुमान फाटक पुलिस चौकी के सामने से फरार हो गया।

सुबह घटना की जानकारी मिलने पर आदमपुर पुलिस मौके पर पहुंची। एक ही रात में तीन लोगों पर हमले और एक की मौत की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल, एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर, एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह और आदमपुर इंस्पेक्टर विमल मिश्रा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर हमलावर की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि पुलिस का मुख्य फोकस हमलावर की पहचान करने और वारदात के कारणों का पता लगाने पर है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

दुकान खाली कराने को लेकर विवाद का आरोप

मृतक पप्पू के परिजनों ने हत्या के पीछे दुकान मालिक का हाथ होने की आशंका जताई है। परिजनों के अनुसार, पप्पू अविवाहित था और हनुमान फाटक स्थित घर के पास किराये की दुकान लेकर साड़ी का पत्ता काटने का काम करता था। दुकान खाली कराने को लेकर उसका मकान मालिक से विवाद चल रहा था। परिजनों ने आशंका जताई कि इसी विवाद के चलते उसकी हत्या कराई गई।

हालांकि, पुलिस ने अभी इस आरोप की पुष्टि नहीं की है। आदमपुर इंस्पेक्टर विमल मिश्रा के मुताबिक, मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हमलावर ने तीन अलग-अलग लोगों को निशाना क्यों बनाया और उसका मृतक पप्पू से क्या संबंध था।

Share this story