काशी विश्वनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्था सख्त, भीड़ बढ़ने पर वैकल्पिक मार्ग तैयार रखने के निर्देश
वाराणसी। वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। शनिवार को अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा ने मंदिर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। खासतौर पर महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और बच्चों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, लाइन प्रबंधन, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि भीड़ अधिक होने की स्थिति में वैकल्पिक मार्ग और अतिरिक्त पुलिस बल पहले से तैयार रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करने और हर स्थिति में सतर्क रहने को कहा गया।
अपर पुलिस आयुक्त ने निरीक्षण के बाद मंदिर के गेट नंबर-4 से मैदागिन चौराहे तक पैदल गश्त कर यातायात और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान प्रवेश और निकास द्वारों, कंट्रोल रूम, ड्यूटी पॉइंट्स और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। मंदिर क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण, ठेला-खोमचा, अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात बाधित करने वाले ई-रिक्शा एवं ऑो चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित पैदल गश्त और मोबाइल पेट्रोलिंग बढ़ाने पर जोर दिया है। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त काशी गौरव बंसवाल, पुलिस उपायुक्त सुरक्षा अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा नियमों और यातायात व्यवस्था का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
