वाराणसी में PM मोदी के कार्यक्रम की सुरक्षा महिला पुलिस के हाथ, हाई-लेवल प्लान तैयार
वाराणसी। वाराणसी में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। इस बार कार्यक्रम की सबसे खास बात यह है कि पूरे आयोजन स्थल की सुरक्षा की कमान महिला पुलिस कर्मियों को सौंपी गई है।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल, पार्किंग व्यवस्था और वीवीआईपी रूट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रवेश और निकास द्वार, मंच क्षेत्र, बैठक व्यवस्था और संवेदनशील स्थानों का बारीकी से जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा स्थापित करने, प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच करने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अधिकारियों, वीवीआईपी मेहमानों और आम जनता के लिए अलग-अलग पार्किंग जोन बनाए जाएंगे, जहां स्पष्ट साइन बोर्ड लगाए जाएंगे।
वीवीआईपी रूट पर खास फोकस
बीएलडब्ल्यू से चौकाघाट तक वीवीआईपी रूट का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मजबूत बैरिकेडिंग, प्रभावी डायवर्जन प्लान और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। आम जनता को असुविधा न हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्गों की जानकारी भी व्यापक रूप से साझा की जाएगी।
सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के सभी मानकों का सख्ती से पालन किया जाएगा। हर प्रवेश बिंदु पर चेकिंग की जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
इस दौरान शिवहरि मीणा, प्रमोद कुमार, अनिल कुमार यादव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रधानमंत्री का यह दौरा सुरक्षित, व्यवस्थित और गरिमामय तरीके से संपन्न हो।
