×

नमो घाट पर सिक्योरिटी गार्डों का कहर! पर्यटकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, 17 वर्षीय युवक की मौत से मचा बवाल

वाराणसी के नमो घाट पर सिक्योरिटी गार्डों द्वारा पर्यटकों की पिटाई में 17 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने चार गार्डों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

वाराणसी। काशी के प्रसिद्ध नमो घाट पर रविवार तड़के हुई मारपीट की एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सोनभद्र से घूमने आए युवकों के साथ सिक्योरिटी गार्डों द्वारा कथित तौर पर की गई बेरहमी से पिटाई में 17 वर्षीय युवक राजेश उर्फ चिंटू की मौत हो गई, जबकि उसके चार साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद घाट परिसर में अफरा-तफरी और आक्रोश का माहौल बन गया।

मृतक राजेश उर्फ चिंटू सोनभद्र जिले के रायपुर थाना क्षेत्र के खलियारी गांव का निवासी था। वह अपने दोस्तों शिवजी, बृजेश, अंगद और रोहित के साथ शनिवार रात वाराणसी घूमने आया था। परिजनों और घायलों के मुताबिक सभी युवक रात करीब तीन बजे नमो घाट पहुंचे थे। आरोप है कि गेट नंबर-1 पर तैनात गार्डों ने घाट बंद होने की बात कहकर उन्हें रोक दिया और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे।

बताया जा रहा है कि युवकों द्वारा विरोध जताने पर मामला बढ़ गया। आरोप है कि जैसे ही युवक वापस लौटने लगे, करीब 10 से 12 सिक्योरिटी गार्डों ने उन्हें घेर लिया और डंडे, बेल्ट व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। करीब दस मिनट तक चली पिटाई में राजेश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसके साथियों को भी बुरी तरह पीटा गया।

घटना की सूचना मिलते ही आदमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल भिजवाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने राजेश उर्फ चिंटू को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए चार सिक्योरिटी गार्डों को हिरासत में लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच कर रही है।

घटना के बाद नमो घाट की सुरक्षा व्यवस्था और निजी सिक्योरिटी कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this story