×

देव दीपावली पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, घाटों पर प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते

Varanasi Dev Deepawali 2026, Dev Deepawali Security Plan, Varanasi Police Security, 4500 Police Personnel, ATS Security Varanasi, Intelligence Bureau IB, LIU Surveillance, Ghat Security Arrangements, Crowd Management Plan, Entry Exit Routes, One Way System, Trinetra Bhawan Control Room, CCTV Surveillance, NDRF SDRF Varanasi, Water Police, Ganga Boat Security, Two Way Boat Lane, Varanasi Traffic Diversion, Kashi Security Alert
देवदीपावली पर काशी में हाई अलर्ट, ATS-IB की निगरानी में रहेंगे घाट, 4500 पुलिसकर्मियों की तैनाती

वाराणसी। देव दीपावली पर काशी में उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय घटना और संभावित सुरक्षा खतरे से निपटने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तैयार की गई है। घाटों से लेकर शहर के प्रमुख मार्गों तक पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था में एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS), इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (LIU) की टीमें भी सक्रिय रहेंगी।

 

पुलिस प्रशासन की योजना के मुताबिक, देव दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए 25 आईपीएस, 50 पीपीएस अधिकारियों सहित करीब 4500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा सुरक्षा एजेंसियों के जवान भी मुस्तैद रहेंगे। घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को व्यवस्थित करने और भगदड़ जैसी स्थिति रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

 

बैरिकेडिंग से अलग होंगे प्रवेश और निकास के रास्ते

घाटों पर भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते निर्धारित किए जाएंगे। वन-वे व्यवस्था लागू होने से श्रद्धालु एक दिशा से घाटों तक पहुंचेंगे और दूसरे रास्ते से बाहर निकलेंगे। इससे आमने-सामने की भीड़, रास्तों पर दबाव और अचानक भीड़ बढ़ने की आशंका को कम करने में मदद मिलेगी। अधिक संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों को क्राउड रेगुलेटेड जोन के रूप में विकसित कर वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी।

त्रिनेत्र भवन से होगी घाटों की निगरानी

सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए त्रिनेत्र भवन स्थित स्मार्ट सर्विलांस कंट्रोल रूम को प्रमुख केंद्र बनाया गया है। यहां 50 पुलिसकर्मी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से घाटों और आसपास के क्षेत्रों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखेंगे। श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ का दबाव और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी। किसी घाट पर भीड़ बढ़ने या रास्ता बाधित होने की स्थिति में कंट्रोल रूम से तत्काल अलर्ट जारी कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

गंगा में भी सुरक्षा का रहेगा कड़ा पहरा


गंगा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें मोटरबोट के माध्यम से लगातार गश्त करेंगी। नावों के संचालन को व्यवस्थित करने के लिए इस बार टू-वे लेन व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके तहत आने और जाने वाली नावों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित होंगे। नावों में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने और लाइफ जैकेट के बिना नौका संचालन पर सख्ती से रोक रहेगी।

इसके साथ ही शहर में यातायात का दबाव कम करने के लिए रूट डायवर्जन और पार्किंग की विशेष व्यवस्था लागू की जाएगी। प्रशासन का जोर है कि देव दीपावली के दौरान काशी पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित वातावरण के साथ सुगम आवागमन की सुविधा मिले।

Share this story