×

Sawan 2026: सावन में उमड़ेगी आस्था, बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए ऑनलाइन टिकट उपलब्ध

Sawan 2026: सावन में उमड़ेगी आस्था, बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए ऑनलाइन टिकट उपलब्ध
 श्रद्धालुओं के लिए राहत: सावन में सुगम दर्शन और आरती की ऑनलाइन बुकिंग शुरू

वाराणसी। श्रावण मास में श्री काशी विश्वनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। मंदिर प्रशासन ने सुगम दर्शन, मंगला आरती और रुद्राभिषेक सहित विभिन्न सेवाओं की ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी है। श्रद्धालु 29 अगस्त तक के लिए ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं। हालांकि सावन के चारों सोमवार—3, 10, 17 और 24 अगस्त—को इन सेवाओं के लिए ऑनलाइन बुकिंग उपलब्ध नहीं रहेगी।

मंदिर प्रशासन के अनुसार, टिकट बुक करने से पहले पोर्टल पर उपलब्धता अवश्य जांच लें। बुकिंग के दौरान दी गई जानकारी आधार कार्ड के अनुरूप ही होनी चाहिए। दर्शन के समय श्रद्धालुओं को मूल आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। प्रवेश द्वार पर नाम और आधार विवरण का सत्यापन किया जाएगा। किसी प्रकार की विसंगति मिलने पर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

ऑनलाइन सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क भी जारी कर दिया गया है। सुगम दर्शन के लिए 300 रुपये, मंगला आरती के लिए 500 रुपये तथा रुद्राभिषेक के लिए 450 रुपये शुल्क निर्धारित है। वहीं दोपहर की भोग आरती, सप्तर्षि आरती और श्रृंगार भोग आरती के लिए 300-300 रुपये का शुल्क देना होगा।

मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यदि ऑनलाइन भुगतान के दौरान राशि कट जाए और टिकट तत्काल जारी न हो, तो दोबारा भुगतान न करें। ऐसी स्थिति में 24 घंटे तक प्रतीक्षा करें। इसके बाद भी समस्या बनी रहने पर हेल्पडेस्क के मोबाइल नंबर 6393131608 पर संपर्क किया जा सकता है।

मंगला आरती के लिए वेटिंग सूची नहीं

मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मंगला आरती की ऑनलाइन बुकिंग के लिए कोई वेटिंग सूची नहीं होगी। यदि टिकट कन्फर्म नहीं होता है तो भुगतान स्वीकार या प्रोसेस नहीं किया जाएगा और राशि स्वतः वापस हो जाएगी। ऑनलाइन तत्काल मंगला आरती बुकिंग कराने वाले श्रद्धालुओं का प्रवेश गेट संख्या 4-बी से होगा तथा उनके बैठने की व्यवस्था नॉर्थ एलईडी क्षेत्र में की जाएगी।

पहले दिन 3 से 4 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

श्रावण मास के प्रथम दिन श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में तीन से चार लाख श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचने का अनुमान है। मंगला आरती में भी एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं की उपस्थिति रहने की संभावना है। मंगला आरती के बाद श्रद्धालुओं का दर्शन क्रम शुरू होगा। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सात प्रवेश और सात निकासी द्वारों की व्यवस्था की है।

काशी के प्रमुख शिवालयों में भी उमड़ी आस्था

श्रावण मास के दौरान श्री काशी विश्वनाथ धाम के अलावा गौरी केदारेश्वर, मारकंडेय महादेव, शूलटंकेश्वर, तिलभांडेश्वर और कर्दमेश्वर महादेव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। पूरे माह इन मंदिरों में दर्शन-पूजन और जलाभिषेक के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

Share this story