×

काशी विश्वनाथ मंदिर के नए सीईओ सत्यम मिश्र ने संभाला कार्यभार

काशी विश्वनाथ मंदिर के नए सीईओ सत्यम मिश्र ने संभाला कार्यभार

वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास एवं श्री काशी विश्वनाथ विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के नव नियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सत्यम मिश्र ने सोमवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने से पहले उन्होंने सपरिवार काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का दर्शन किया और विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद लिया।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद सत्यम मिश्र ने मंदिर न्यास और विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने विभागीय कार्यों, धाम की व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं।

नवनियुक्त सीईओ ने अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्री काशी विश्वनाथ धाम में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाया जाना चाहिए। सुगम दर्शन, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और व्यवस्थाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

सत्यम मिश्र ने कहा कि धाम से जुड़े सभी कार्य श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की गरिमा और धार्मिक महत्व के अनुरूप किए जाएं। मंदिर परिसर एवं धाम की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का समन्वय के साथ निर्वहन करें।

बाबा कालभैरव और बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन के साथ नई जिम्मेदारी की शुरुआत करने के बाद सत्यम मिश्र ने अधिकारियों के साथ कार्यों की समीक्षा की। उनके पदभार संभालने के साथ मंदिर न्यास और विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने तथा श्रद्धालु सुविधाओं और धाम की व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने पर जोर रहेगा।

Share this story