×

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के नए CEO बने सत्यम मिश्रा, जानिए कौन हैं और कैसा रहा प्रशासनिक सफर

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के नए CEO बने सत्यम मिश्रा, जानिए कौन हैं और कैसा रहा प्रशासनिक सफर
 बरेली से प्रयागराज तक प्रशासनिक जिम्मेदारी निभा चुके सत्यम मिश्रा अब संभालेंगे काशी विश्वनाथ मंदिर

वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 16 सितंबर को पांच पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसी क्रम में 2015 बैच के पीसीएस अधिकारी सत्यम मिश्रा को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर एवं विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद, वाराणसी का नया मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह प्रयागराज में अपर जिलाधिकारी (नगर) के पद पर तैनात थे।

सत्यम मिश्रा से पहले लंबे समय से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के सीईओ की जिम्मेदारी संभाल रहे डॉ. विश्वभूषण मिश्रा का दो दिन पहले तबादला किया गया था। इसके बाद शासन ने सत्यम मिश्रा को मंदिर प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

पांच पीसीएस अधिकारियों का तबादला

शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार सत्यम मिश्रा को अपर जिलाधिकारी (नगर), प्रयागराज से स्थानांतरित कर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर एवं विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद, वाराणसी का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।

मंगलेश दुबे, उपसंचालक चकबंदी, प्रयागराज (स्थानांतरणाधीन) को अपर जिलाधिकारी (नगर), प्रयागराज का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। वहीं अरविंद कुमार द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), फिरोजाबाद को संयुक्त सचिव, लखनऊ विकास प्राधिकरण बनाया गया है।

सीमा पांडेय, अपर नगर आयुक्त, नगर निगम वाराणसी को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), फिरोजाबाद के पद पर भेजा गया है। इसके अलावा कानपुर विकास प्राधिकरण में तैनात अभय कुमार पांडेय का कासगंज के लिए किया गया तबादला निरस्त कर दिया गया है। वह पूर्ववत कानपुर विकास प्राधिकरण में ही तैनात रहेंगे।

हरदोई के रहने वाले हैं सत्यम मिश्रा

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के नए सीईओ सत्यम मिश्रा मूल रूप से हरदोई जिले के रहने वाले हैं। उनका जन्म 25 दिसंबर 1984 को हुआ था। वह उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा के 2015 बैच के अधिकारी हैं। उन्होंने 15 मार्च 2016 को पीसीएस अधिकारी के रूप में उत्तर प्रदेश प्रशासनिक सेवा में कार्यभार ग्रहण किया था।

चार जिलों में रहे डिप्टी कलेक्टर

पीसीएस अधिकारी के तौर पर सत्यम मिश्रा की पहली तैनाती बरेली में डिप्टी कलेक्टर के पद पर हुई थी। इसके बाद उन्होंने गाजीपुर, महराजगंज और चित्रकूट में भी डिप्टी कलेक्टर के रूप में सेवाएं दीं। इसके अलावा वह रामपुर में सिटी मजिस्ट्रेट भी रह चुके हैं।

वर्ष 2023 में सत्यम मिश्रा को मुरादाबाद में वित्त एवं राजस्व के अपर जिलाधिकारी की जिम्मेदारी मिली। इसके बाद 6 जनवरी 2025 से वह प्रयागराज में अपर जिलाधिकारी (नगर) के पद पर कार्यरत थे। अब शासन ने उन्हें वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर एवं विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के सीईओ की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

Share this story