वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर में जल्द प्रशासनिक बदलाव होने जा रहा है। संतोष ढोके को एयरपोर्ट का नया निदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं, वर्तमान निदेशक पुनीत गुप्ता का स्थानांतरण भुवनेश्वर एयरपोर्ट के निदेशक पद पर किया गया है।
संतोष ढोके वर्तमान में पुणे एयरपोर्ट के निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें एयरपोर्ट निदेशक के रूप में करीब 11 वर्षों का अनुभव है। अपने कार्यकाल के दौरान वह देश के कई महत्वपूर्ण एयरपोर्ट पर निदेशक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
बाबतपुर एयरपोर्ट इस समय विकास और विस्तार के महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है। करीब 2800 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इनमें नए टर्मिनल भवन का निर्माण भी शामिल है। नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन इसी वर्ष दिसंबर तक किए जाने की योजना है। ऐसे में नए निदेशक के सामने एयरपोर्ट के चल रहे विकास कार्यों को गति देने और आगामी योजनाओं को आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।
