गंगा के दोनों तटों पर सजेगी दीपों की कतार, 24 नवंबर को होगा भव्य आयोजन
वाराणसी। काशी की विश्वप्रसिद्ध देव दीपावली को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा के दोनों किनारों पर 11 लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इससे काशी और रामनगर के घाट दीपों की रोशनी से जगमगा उठेंगे। दीपों की व्यवस्था से लेकर उन्हें निर्धारित स्थानों तक पहुंचाने और सजाने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है।
इस बार दीप प्रज्वलन की व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए गंगा के दोनों किनारों को 34 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इन सभी सेक्टरों में समय से दीपक पहुंचाने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है। पर्यटन विभाग के सहयोग से स्वयं सहायता समूहों और अन्य माध्यमों से दीपकों की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य है कि 24 नवंबर की सुबह तक सभी सेक्टरों में दीपक पहुंच जाएं, ताकि शाम को निर्धारित समय पर दीप प्रज्वलन कराया जा सके।
दीपकों को निर्धारित स्थानों तक पहुंचाने के लिए सड़क मार्ग के बजाय गंगा में नावों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके लिए पर्यटन विभाग की ओर से टीमों को नावें उपलब्ध कराई जाएंगी। नावों के माध्यम से अलग-अलग सेक्टरों तक दीपक पहुंचाए जाएंगे। इस पूरी व्यवस्था की निगरानी के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक सिन्हा को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
दीपकों की ढुलाई, वितरण और उन्हें निर्धारित स्थानों पर सजाने के लिए जिला पंचायत राज विभाग के 500 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों को भी सेक्टरवार जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। शक्ति घाट, अघोरेश्वर घाट, दंडी आश्रम, हनुमान घाट, डोमरी घाट, सतुआ बाबा आश्रम और कटेसर सहित अन्य घाटों पर अधिकारियों की निगरानी में दीपकों की व्यवस्था की जाएगी। शेष सेक्टरों में भी संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह के अनुसार, सभी सेक्टरों तक 11 लाख दीप समय से पहुंचाने की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। नोडल अधिकारियों के साथ खंड विकास अधिकारियों को भी सहयोग के लिए लगाया गया है। देव दीपावली की तैयारियों की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है।
प्रशासन की कोशिश है कि दीप प्रज्वलन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु काशी की इस अद्भुत छटा का आनंद ले सकें। गंगा के दोनों किनारों पर एक साथ लाखों दीपों के जलने से इस बार भी काशी की देव दीपावली आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनने जा रही है।
