×

उमस भरी गर्मी से बेहाल काशीवासी, कल भारी बारिश का अलर्ट

उमस भरी गर्मी से बेहाल काशीवासी, कल भारी बारिश का अलर्ट

वाराणसी। काशी में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कभी बारिश तो कभी तेज धूप के बीच बढ़ी उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बुधवार को सुबह से ही तेज धूप खिली रही, जिससे घर से बाहर निकलने वाले लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। इस बीच मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार और शनिवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऐसे में अगले 24 घंटे में बारिश होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

हवा में नमी का स्तर भी बढ़कर करीब 90 प्रतिशत तक पहुंच गया है। नमी अधिक होने के कारण तापमान सामान्य से कम रहने के बावजूद लोगों को गर्मी अधिक महसूस हो रही है। मौसम में बदलाव के बीच पूर्वांचल में मानसूनी गतिविधियां एक बार फिर बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

बढ़ेगी मानसूनी बारिश

यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बुधवार तक मानसूनी बारिश में कमी का दौर जारी रहा। हालांकि, बृहस्पतिवार से पूर्वांचल में मानसूनी वर्षा की गतिविधियों में दोबारा बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके चलते वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में बारिश के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

बारिश के बाद बढ़ी उमस ने किया परेशान

इससे पहले मंगलवार को वाराणसी में सुबह करीब 10 मिलीमीटर बारिश हुई थी। बारिश के बाद सूर्योदय के साथ तेज धूप निकलने से वातावरण में नमी बढ़ गई। इसके चलते उमस और गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।

मंगलवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। यदि अच्छी बारिश होती है तो तापमान में गिरावट के साथ काशीवासियों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

Share this story