×

वाराणसी में 60 दिनों तक रात में बंद रहेगा राजघाट (मालवीय) पुल, मरम्मत कार्य शुरू

वाराणसी में 60 दिनों तक रात में बंद रहेगा राजघाट (मालवीय) पुल, मरम्मत कार्य शुरू

वाराणसी। वाराणसी के ऐतिहासिक राजघाट (मालवीय) पुल पर लंबे समय से प्रस्तावित मरम्मत कार्य मंगलवार रात से शुरू हो गया। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने रेलवे से 60 दिनों का मेगा ब्लॉक प्राप्त करने के बाद पुल पर ड्रेनेज स्पाउट और एक्सपेंशन ज्वाइंट बदलने का काम शुरू कराया है। इसके चलते प्रतिदिन रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक पुल पर सभी प्रकार के वाहनों के साथ-साथ पैदल यात्रियों की आवाजाही भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

मरम्मत कार्य शुरू होते ही पुल के दोनों ओर पड़ाव और राजघाट क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर यातायात रोक दिया गया। मौके पर पुलिस और ट्रैफिक विभाग की टीमें तैनात रहीं। रात में पुल पार करने पहुंचे लोगों को वापस लौटाकर सामनेघाट और रामनगर मार्ग की ओर डायवर्ट किया गया। इस दौरान शव वाहन तक को वैकल्पिक मार्ग से भेजा गया।

पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के अनुसार पुल पर लगे कई ड्रेनेज स्पाउट काफी जर्जर हो चुके हैं, जिससे बरसात के दौरान पानी निकासी प्रभावित होती है और पुल पर जलभराव की समस्या पैदा होती है। करीब 20 वर्ष पहले इन उपकरणों को बदला गया था। अब इनके साथ एक्सपेंशन ज्वाइंट की भी मरम्मत और प्रतिस्थापन किया जाएगा ताकि पुल की संरचनात्मक सुरक्षा बनी रहे।

यातायात विभाग ने मरम्मत अवधि के लिए विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया है। पड़ाव से राजघाट और राजघाट से पड़ाव की ओर जाने वाले वाहनों को रामनगर-सामनेघाट पुल के रास्ते भेजा जाएगा। वहीं बिहार की ओर से आने वाले भारी और लंबी दूरी के वाहनों को रिंग रोड और हाईवे के वैकल्पिक मार्गों से शहर में प्रवेश कराया जाएगा।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष दिसंबर में भी पीडब्ल्यूडी ने इस पुल पर मरम्मत कार्य के लिए ब्लॉक लिया था, लेकिन रेलवे की तकनीकी आपत्तियों के चलते काम बीच में ही रोकना पड़ा था। उस दौरान 70 ड्रेनेज स्पाउट और एक्सपेंशन ज्वाइंट बदलने की योजना थी, लेकिन केवल चार ही बदले जा सके थे। रेलवे ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कार्य पर रोक लगा दी थी क्योंकि मरम्मत के दौरान कुछ मलबा रेलवे ट्रैक की ओर गिर गया था।

अब रेलवे और पीडब्ल्यूडी के बीच समन्वय के बाद दोबारा मरम्मत कार्य शुरू किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि बारिश के मौसम से पहले यह काम पूरा करना जरूरी है, ताकि भविष्य में पुल की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले डायवर्जन प्लान की जानकारी अवश्य लें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें। इससे मरम्मत कार्य सुचारु रूप से पूरा हो सकेगा और यातायात व्यवस्था भी बनी रहेगी।

Share this story