काशी में सड़क निर्माण पर उठे सवाल, जर्जर रास्तों को छोड़ चमकाई जा रहीं बेहतर सड़कें
वाराणसी। शहर में सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्यों को लेकर नगरवासियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। एक ओर कई प्रमुख मार्ग लंबे समय से गड्ढों की समस्या से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति वाली सड़कों पर दोबारा लेपन कर उन्हें चमकाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बदहाल सड़कों की मरम्मत के लिए शिकायतें और मांग उठाने के बावजूद जिम्मेदार विभाग ध्यान नहीं दे रहे हैं।
शहर के नदेसर, सिगरा और महमूरगंज क्षेत्र में सड़कों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। नदेसर में पाइपलाइन बिछाने के लिए कई स्थानों पर सड़क खोदी गई थी। इसके बाद बने गड्ढों और अधूरी मरम्मत के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। मुख्य मार्गों के समानांतर स्थित संपर्क सड़कें भी क्षतिग्रस्त हैं। इसके चलते वाहनों का दबाव दूसरे मार्गों पर बढ़ रहा है और जाम की समस्या भी गंभीर हो रही है।
सिंधोरा रोड के समानांतर स्थित टकटकपुर बाइपास की हालत भी खराब है। बसही चौराहे से टकटकपुर होकर गुजरने वाले इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों बाइक और कार सवार आते-जाते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, निर्माण के करीब तीन साल के भीतर ही सड़क जर्जर हो गई और अब इस पर 300 से अधिक गड्ढे बन चुके हैं। इसके बावजूद मरम्मत नहीं होने से राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
महमूरगंज क्षेत्र में भी हालात बेहतर नहीं हैं। रथयात्रा से महमूरगंज के बीच सड़क के कई हिस्से खराब हो चुके हैं। आनंदनगर क्षेत्र में तो सड़क पर चलना तक मुश्किल हो गया है। सोयेपुर से मढ़वां, रसूलपुर होते हुए बड़ालालपुर और चांदमारी तक के मार्ग पर भी जगह-जगह गड्ढे हैं। वहीं हुकुलगंज से चौकाघाट जाने वाले रास्ते पर तिनमुहानी के पास भी सड़क क्षतिग्रस्त है।
एक तरफ नई परत, दूसरी तरफ मरम्मत का इंतजार
सड़कों की मरम्मत में प्राथमिकता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। गुरुवार और शुक्रवार की रात भोजूबीर चौराहे से कमिश्नर आवास होते हुए कचहरी चौराहे तक जाने वाली सड़क पर नया लेपन किया गया। इस मार्ग पर पहले से बड़े गड्ढे नहीं थे, लेकिन इसे दोबारा बेहतर स्वरूप दे दिया गया। वहीं दूसरी ओर लंबे समय से खराब सड़कों की मरम्मत का इंतजार जारी है।
जुलाई में बारिश के दौरान स्थानीय लोगों ने अपने क्षेत्रों की बदहाल सड़कों को लेकर शिकायतें की थीं। उस समय मानसून समाप्त होने के बाद मरम्मत कराने का आश्वासन दिया गया था। अब बारिश का दौर बीतने के बाद भी कई इलाकों में काम शुरू नहीं हुआ है।
बसही के स्थानीय निवासी राजेश कुमार का कहना है कि करीब तीन साल से सड़क खराब है, लेकिन अब तक इसकी सुध लेने कोई नहीं पहुंचा। लगातार उपेक्षा से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बदहाल सड़कें स्थानीय स्तर पर बड़ा मुद्दा बन सकती हैं।
