वाराणसी में जनगणना की तैयारी तेज, 1 दिसंबर से घर-घर जाकर जुटाई जाएगी जानकारी
वाराणसी। जनगणना-2027 को लेकर वाराणसी नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देशन में शहर के सभी आठ जोनों में प्रगणकों और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण शुरू हो गया है। इस अभियान के तहत 3105 प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों से संबंधित आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे। पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए 532 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।
प्रशिक्षण व्यवस्था का जायजा लेने के लिए अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह ने मंगलवार को जेपी मेहता इंटर कॉलेज पहुंचकर वरुणापार चार्ज के अंतर्गत संचालित प्रशिक्षण सत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षुओं को जनगणना संबंधी नियमों, तकनीकी प्रक्रियाओं और निर्धारित दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फील्ड में कार्य के दौरान आंकड़ों की शुद्धता और निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि संकलित जानकारी में त्रुटियों की संभावना कम से कम रहे।
नगर निगम की ओर से प्रशिक्षण को व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों को प्रशिक्षण केंद्र बनाया गया है। प्रगणकों को जनगणना से जुड़े प्रपत्र भरने, तकनीकी उपकरणों के इस्तेमाल और नागरिकों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
अपर नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि संबंधित जोनल अधिकारी अपने-अपने चार्ज के अंतर्गत संचालित प्रशिक्षण केंद्रों के सुचारु संचालन के लिए मुख्य नोडल अधिकारी होंगे। प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों और सुपरवाइजरों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा जनगणना के निर्धारित कार्यक्रम का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
16 नवंबर से 30 नवंबर तक होगी स्वगणना
अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह के अनुसार, जनगणना की निर्धारित समय-सारिणी के तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों से आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे। नगर निगम का प्रयास है कि इस कार्य को निर्धारित समय-सीमा में व्यवस्थित ढंग से पूरा किया जाए।
आठ जोनों में बनाए गए प्रशिक्षण केंद्र
नगर निगम ने जनगणना-2027 के प्रशिक्षण के लिए आठ जोनों में केंद्र निर्धारित किए हैं। इनमें आदमपुर जोन के लिए नेशनल इंटर कॉलेज, भेलूपुर के लिए बंगाली टोला इंटर कॉलेज, दशाश्वमेध और कोतवाली जोन के लिए राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज, वरुणापार के लिए जेपी मेहता इंटर कॉलेज, सारनाथ के लिए सुधाकर महिला विद्यालय, ऋषि मांडवी के लिए सिल्वर ग्रोव स्कूल तथा रामनगर के लिए प्रभु नारायण इंटर कॉलेज को प्रशिक्षण केंद्र बनाया गया है।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, प्रशिक्षण के माध्यम से प्रगणकों और सुपरवाइजरों को जनगणना की प्रक्रिया के लिए तैयार किया जा रहा है, ताकि निर्धारित कार्यक्रम के दौरान परिवारों का ब्योरा व्यवस्थित और सटीक तरीके से संकलित किया जा सके।
