×

काशी में देव दीपावली की तैयारी तेज, 10 मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

 देव दीपावली पर वाराणसी में तीन चरणों का ट्रैफिक प्लान, पार्किंग से लेकर ग्रीन कॉरिडोर तक व्यवस्था

वाराणसी। देव दीपावली और कार्तिक पूर्णिमा पर काशी में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार किया है। पर्व के दौरान शहर के प्रमुख इलाकों में यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। इसके तहत 10 प्रमुख मार्गों को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है, जहां केवल पैदल आवाजाही की अनुमति होगी। वहीं, वाहनों की पार्किंग के लिए शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में 57 पार्किंग स्थल और पांच होल्डिंग एरिया निर्धारित किए गए हैं।

यातायात डायवर्जन का प्लान ए, बी और सी के तीन चरणों में लागू किया जाएगा। यह व्यवस्था 24 नवंबर को दोपहर एक बजे से प्रभावी होगी। भीड़ और यातायात के दबाव के अनुसार प्रतिबंधों को लागू किया जाएगा। शहर में मालवाहक वाहनों, रोडवेज और निजी बसों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को रिंग रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के रास्ते संचालित किया जाएगा।

राजघाट पुल पर पैदल और वाहनों का आवागमन बंद

यातायात व्यवस्था के तहत पड़ाव से नमो घाट की ओर राजघाट पुल के रास्ते पैदल और वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, रामनगर जाने के लिए सामने घाट पुल से पैदल और दोपहिया वाहनों को आवागमन की अनुमति होगी। विश्वसुंदरी पुल और रिंग रोड स्थित गंगा पुल पर वाराणसी-चंदौली के बीच सामान्य वाहनों का संचालन जारी रहेगा।

काशी डिपो और कैंट बस स्टेशन से संचालित होने वाली रोडवेज बसों का परिचालन 24 नवंबर को दोपहर एक बजे से देर शाम तक हरहुआ में बनाए गए अस्थायी बस स्टेशन से होगा। जौनपुर, आजमगढ़ और गाजीपुर की ओर जाने वाली बसें रिंग रोड-हरहुआ मार्ग से तथा चंदौली, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर और भदोही की ओर जाने वाली बसें मोहनसराय सहित निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से संचालित होंगी।

अलग-अलग क्षेत्रों में बनाई गई पार्किंग व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भैंसासुर, मैदागिन, दशाश्वमेध, अस्सी, सामने घाट, कैंट और रामनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं। रामनगर क्षेत्र में पीएसी ग्राउंड, रामबाग मैदान, दुर्गा मंदिर मैदान, पंचवटी मैदान और लंका मैदान में बड़े स्तर पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, बीएचयू परिसर और यूपी कॉलेज को होल्डिंग एरिया के रूप में निर्धारित किया गया है।

10 मार्गों पर पैदल आवाजाही, ग्रीन कॉरिडोर भी तैयार

पर्व के दौरान मैदागिन से बुलानाला होते हुए गोदौलिया, लक्सा से रामापुरा, अग्रवाल तिराहा से अस्सी और रविदास घाट, ब्रॉडवे से सोनारपुरा होते हुए गोदौलिया सहित शहर के 10 प्रमुख मार्गों पर केवल पैदल आवाजाही होगी। इन मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

इसके साथ ही आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए ग्रीन कॉरिडोर तैयार किए गए हैं। नमो घाट से गोलगड्डा, चौकाघाट और लहुराबीर होते हुए कबीरचौरा अस्पताल तक तथा चौकाघाट से पुलिस लाइन और दीनदयाल अस्पताल की ओर विशेष कॉरिडोर बनाया गया है। दशाश्वमेध से अस्सी और रामनगर क्षेत्र में भी अस्पतालों तक पहुंचने के लिए अलग ग्रीन कॉरिडोर निर्धारित किए गए हैं।

अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा के अनुसार, एंबुलेंस और निर्धारित पास वाले वाहनों को विशेष व्यवस्था के तहत आवागमन की अनुमति रहेगी। नमो घाट तक पहुंचने वाले पासधारक वाहनों के लिए हरहुआ, गिलट बाजार, अर्दली बाजार और पुलिस लाइन चौराहे सहित निर्धारित मार्ग तय किए गए हैं।

यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि देव दीपावली के दिन घर से निकलने से पहले निर्धारित पार्किंग और डायवर्जन मार्गों की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि पर्व के दौरान अनावश्यक जाम और असुविधा से बचा जा सके।

Share this story