प्रहलाद घाट में गाय हटाने को लेकर विवाद, परिवार पर हमला! एक आरोपी गिरफ्तार...
वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के प्रहलाद घाट मोहल्ले में गाय हटाने को लेकर हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। पीड़ित परिवार ने पड़ोस के एक युवक और उसके साथियों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
घटना में महिला और बच्चों समेत परिवार के कई लोगों के चोटिल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
प्रहलाद घाट निवासी लल्लू कुमार (53) के अनुसार, उनके मकान के पास गाय बंधी हुई थी। इसी बात को लेकर पड़ोसी पप्पू यादव पुत्र शिवम् यादव से विवाद हो गया। आरोप है कि पप्पू यादव अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा।

पीड़ित के मुताबिक, उन्होंने अपने दोनों पुत्रों राहुल कुमार (23) और अमित कुमार (21) के साथ इसका विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद पप्पू यादव और उसके साथियों ने नुकीली लोहे की रॉड तथा ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए परिवार के लोग घर के अंदर चले गए, लेकिन आरोप है कि हमलावर घर में घुस आए और महिलाओं व बच्चों के साथ भी मारपीट की।
मारपीट के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव किया। स्थानीय लोगों की सूचना पर आदमपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से मुख्य आरोपी पप्पू यादव को पकड़ लिया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पप्पू यादव पुत्र शिवम् यादव और छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घायलों को उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल कबीरचौरा भेजा गया। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।
