वाराणसी में सियासी बयानबाजी तेज! मंत्री रविंद्र जायसवाल बोले- “मोदी राम हैं तो अजय राय रावण”
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की टिप्पणी के बाद वाराणसी की सियासत गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने रविवार को गुलाब बाग स्थित महानगर कार्यालय में बैठक कर अजय राय के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया और उनके बयान पर कड़ी आपत्ति जताई।
बैठक में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री, विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहे। नेताओं ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। साथ ही उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की भी मांग उठाई गई।
इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भगवान राम की भूमिका में हैं, जबकि अजय राय रावण की भूमिका निभा रहे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष लगातार राजनीतिक लाभ और प्रचार पाने के लिए विवादित बयानबाजी कर रहे हैं।
राज्यमंत्री ने कहा कि अजय राय का चुनाव लड़ना केवल “राजनीतिक मार्केटिंग” है और वह प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ चुनाव को प्रचार का माध्यम बनाते हैं। उन्होंने अजय राय को आपराधिक प्रवृत्ति का नेता बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं।
बैठक में मौजूद भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। नेताओं ने कांग्रेस पर भी इस तरह की राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
कार्यक्रम में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, विधायक सौरभ श्रीवास्तव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अपने बयान पर माफी नहीं मांगते हैं तो पार्टी आगे भी विरोध प्रदर्शन करेगी।
