टीईटी परीक्षा को लेकर पुलिस की मुस्तैदी, लहुराबीर में हटवाया जाम
वाराणसी। टीईटी परीक्षा के मद्देनजर वाराणसी पुलिस अलर्ट मोड में रही। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती। मैदागिन स्थित हरिश्चंद्र पालिका इंटर कॉलेज के आसपास अभ्यर्थियों की आवाजाही बढ़ने के कारण लहुराबीर चौराहे पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।

चेतगंज थाना प्रभारी पवन पांडेय पुलिस टीम के साथ स्वयं लहुराबीर चौराहे पर मुस्तैद रहे। इस दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और सड़क पर लग रहे जाम को हटवाकर वाहनों का आवागमन सुचारु कराया। पुलिसकर्मियों ने यातायात को व्यवस्थित रखने के साथ अभ्यर्थियों की आवाजाही को भी सुगम बनाने का प्रयास किया।
पुलिस की सक्रियता का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना रहा कि परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों को रास्ते में जाम की समस्या का सामना न करना पड़े और वे समय से अपने परीक्षा केंद्र पहुंच सकें। परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीम लगातार मुस्तैद रही।
