पुलिस आयुक्त ने कसी UP-112 की कमान, हर कॉल पर 9 मिनट में पहुंचने का लक्ष्य
वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने ट्रैफिक पुलिस लाइन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में UP-112 के पुलिसकर्मियों के साथ आपातकालीन पुलिस सेवा की कार्यप्रणाली, रिस्पॉन्स टाइम और जनसंतुष्टि की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि कमिश्नरेट की प्रत्येक पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल (PRV) को ऐसा “चलता-फिरता सहायता केंद्र” बनाया जाए, जहां प्रत्येक नागरिक को त्वरित, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण पुलिस सहायता उपलब्ध हो।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि प्रभावी मॉनिटरिंग और बेहतर कार्यप्रणाली के चलते कमिश्नरेट वाराणसी की UP-112 सेवा प्रदेश स्तर की रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में UP-112 का औसत रिस्पॉन्स टाइम 5 मिनट 26 सेकेंड है, जबकि जनसंतुष्टि का स्तर 94 प्रतिशत दर्ज किया गया है।
बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि UP-112 देशभर में आपातकालीन पुलिस सेवा का एक आदर्श मॉडल बन चुकी है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2016 में प्रथम चरण तथा वर्ष 2021 में द्वितीय चरण के दौरान वह UP-112 की वर्किंग एवं टेक्निकल कमेटी के सदस्य रह चुके हैं।
पुलिस आयुक्त ने सभी पीआरवी कर्मियों को निर्देशित किया कि वे प्रथम रिस्पांडर के रूप में घटनास्थल पर शीघ्र पहुंचकर प्रभावी पुलिस सहायता सुनिश्चित करें। उन्होंने वर्दी की गरिमा, अनुशासित व्यवहार, सकारात्मक बॉडी लैंग्वेज और नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखने पर विशेष बल दिया। साथ ही ड्यूटी के दौरान ट्रैफिक जाम, संदिग्ध गतिविधियों अथवा किसी भी आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल संबंधित थाना पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने घोषणा की कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पीआरवी टीम को प्रत्येक माह एक हजार रुपये की पुरस्कार राशि तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सभी टीमों को प्रत्येक आपातकालीन कॉल पर अधिकतम नौ मिनट के भीतर रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। यदि किसी मामले में रिस्पॉन्स टाइम 10 मिनट से अधिक पाया जाता है तो संबंधित कर्मियों की समीक्षा, काउंसलिंग तथा आवश्यकता पड़ने पर विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
बैठक में थाना चितईपुर की PRV-0612 को उत्कृष्ट कॉलर संतुष्टि के लिए विशेष रूप से सराहा गया, जबकि थाना मिर्जामुराद की PRV-0615 को कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतु समेत UP-112 के अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
