वाराणसी। भिल्लीकाशी स्थित नेशनल इंटर कॉलेज में अदबी सुकन के तत्वावधान में एक शानदार मुशायरे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शामिल शायरों और रचनाकारों ने अपने उम्दा कलाम पेश कर साहित्यप्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शायरों की प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने जमकर दाद दी और पूरा माहौल अदबी रंग में रंगा नजर आया।
मुशायरे में आबिद खलीलपुरी, शमियाज़ गाज़ीपुरी, अज़फ़र अली, मिज़ाज बनारसी, मुश्ताक़ बनारसी, पूनम श्रीवास्तव, डॉ. नसीमा मिश्रा, रीना तिवारी और अमित सहित कई शायरों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। विभिन्न विषयों पर आधारित शायरी और कलाम ने महफिल में मौजूद लोगों की खूब वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम के दौरान साहित्य और उर्दू अदब के प्रति लोगों का उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता हाजी असग़र अहमद ने की, जबकि मंच संचालन दीवान तनवीर अहमद ख़ां और रज़ा ग़ाज़ीपुरी ने किया। इस अवसर पर नेशनल इंटर कॉलेज के प्रबंधक हाजी मक़बूल हसन की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुशायरे के सफल आयोजन पर कॉलेज के प्रधानाचार्य मौलाना मंज़ूर आलम को बधाई दी गई। आयोजन ने क्षेत्र में साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के साथ ही शायरी और अदब से जुड़े लोगों को एक मंच पर आने का अवसर प्रदान किया।
