×

वाराणसी रेलवे कॉलोनियों में जल्द मिलेगी PNG सुविधा, सिलेंडर की झंझट होगी खत्म

वाराणसी रेलवे कॉलोनियों में जल्द मिलेगी PNG सुविधा, सिलेंडर की झंझट होगी खत्म
एलपीजी सिलेंडर की झंझट होगी खत्म, जल्द बिछेगी पाइपलाइन, कर्मचारियों को मिलेगी सुरक्षित और सुविधाजनक गैस आपूर्ति

वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल की रेलवे कॉलोनियों में रहने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को जल्द ही घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की सुविधा मिलने लगेगी। इस संबंध में पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल और गेल इंडिया लिमिटेड के बीच बुधवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। योजना के तहत रेलवे कॉलोनियों में पाइपलाइन बिछाकर घर-घर पीएनजी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

भारतेंदु सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की उपस्थिति में वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) विकास कुमार सिंह तथा गेल इंडिया लिमिटेड, वाराणसी के महाप्रबंधक सुशील कुमार ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि रेलवे कॉलोनियों में पीएनजी की आपूर्ति शुरू होने से कर्मचारियों और अधिकारियों को सुरक्षित, निर्बाध, पर्यावरण-अनुकूल तथा सुविधाजनक गैस सेवा उपलब्ध होगी। इससे एलपीजी सिलेंडरों पर निर्भरता कम होगी और मीटर आधारित पारदर्शी बिलिंग व्यवस्था लागू होगी। उन्होंने कहा कि यह पहल कर्मचारियों के जीवन स्तर और आवासीय सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

गेल इंडिया लिमिटेड, वाराणसी के महाप्रबंधक सुशील कुमार ने बताया कि पीएनजी सुविधा मिलने से एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग, भंडारण और समय-समय पर सिलेंडर बदलने की परेशानी से राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि रेलवे कॉलोनियों में जल्द ही पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू किया जाएगा।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक अजय कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल अभियंता-2 विनीत कुमार, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक नितेश अग्रवाल सहित रेलवे एवं गेल इंडिया के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this story