शासन की उदासीनता से नाराज फार्मासिस्ट, प्रदेशव्यापी आंदोलन की तैयारी
वाराणसी। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर शुक्रवार को जनपद शाखा वाराणसी के सदस्यों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय पर एक दिवसीय धरना दिया। इस दौरान फार्मासिस्ट संवर्ग की लंबित वित्तीय एवं गैर-वित्तीय मांगों को लेकर शासन और महानिदेशालय के प्रति नाराजगी जताई गई।

धरने में जनपद के प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला चिकित्सालय, जिला महिला चिकित्सालय समेत विभिन्न राजकीय स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत फार्मासिस्ट, चीफ फार्मासिस्ट और प्रभारी अधिकारी फार्मेसी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि संघ की ओर से लंबे समय से मांगें उठाई जा रही हैं, लेकिन अब तक उन पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। शासन एवं महानिदेशालय की उदासीनता के कारण फार्मासिस्ट संवर्ग की कई महत्वपूर्ण मांगें लंबित हैं।
धरने के दौरान सदस्यों ने लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी प्रेषित किया गया।

एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्णय के अनुसार 20 नवंबर 2026 को प्रदेशभर के फार्मासिस्ट लखनऊ में महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं के कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना देंगे। इसके साथ ही धरना स्थल से ही आंदोलन के अगले चरण और हड़ताल की घोषणा की जाएगी।
