वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्रियों को मिलेगी राहत! हेल्प डेस्क बनाने और मेट्रो से जोड़ने की तैयारी
बाबतपुर/वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार को हवाई अड्डा सलाहकार समिति की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाने और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रिया सरोज ने की। उन्होंने एयरपोर्ट पर आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट को मेट्रो सेवा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।
समिति सदस्य सिकंदर मिश्रा ने ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों की समस्याओं को देखते हुए एयरपोर्ट पर हेल्प डेस्क स्थापित करने का सुझाव दिया, जिसे बैठक में सकारात्मक रूप से लिया गया।
सांसद प्रिया सरोज ने बताया कि वर्तमान में एयरपोर्ट से वाराणसी शहर में प्रवेश का एक ही मुख्य मार्ग है, जहां अक्सर गिलट बाजार क्षेत्र में जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने से यातायात का दबाव कम होगा और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस योजना को लेकर शासन और मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन से जल्द पत्राचार किया जाए। साथ ही उन्होंने बताया कि इस विषय में उन्होंने स्वयं भी पहल की है।
वर्तमान में एयरपोर्ट पर रोजाना लगभग 80 विमानों के जरिए 12 से 14 हजार यात्रियों का आवागमन होता है। आगामी एक वर्ष में नया टर्मिनल शुरू होने के बाद यह संख्या और बढ़ने की संभावना है, जिससे यातायात दबाव और बढ़ सकता है।
बैठक में यात्रियों को सस्ती दरों पर नाश्ता उपलब्ध कराने के लिए टर्मिनल के अंदर कैफे खोलने और एयरपोर्ट परिसर में लगे कूड़े के ढेर को जल्द हटाने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान समिति के सदस्य मोहम्मद जुबैर, एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता, सीआईएसएफ कमांडेंट सुचिता सिंह, एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
