×

सीवर में बालू की बोरियां मिलने से मचा हड़कंप, SIT जांच की मांग

सीवर में बालू की बोरियां मिलने से मचा हड़कंप, SIT जांच की मांग

वाराणसी। शहर की विभिन्न सीवर लाइनों में बालू से भरी बोरियां, पत्थर, लकड़ी का बुरादा, प्लाई और अन्य मलबा मिलने के मामलों को लेकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं बनारस बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा भाजपा विधि प्रकोष्ठ काशी क्षेत्र के संयोजक शशांक शेखर त्रिपाठी ने सोमवार को जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम (ACM-I) अवधेश को सौंपकर पूरे प्रकरण की जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) गठित करने की मांग की।

जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में उनके कार्यालय में सौंपे गए ज्ञापन में शशांक शेखर त्रिपाठी ने कहा कि शिवाला क्षेत्र की मुख्य सीवर लाइन से करीब 12 बोरी बालू मिलने के अलावा नगवा, सरायनंदन सहित अन्य स्थानों पर भी सीवर लाइनों में बालू और अन्य सामग्री मिलने की सूचनाएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं की वास्तविक स्थिति और कारणों का पता लगाने के लिए निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक जांच जरूरी है।

उन्होंने प्रस्तावित SIT में वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ नगर निगम, जलकल विभाग और तकनीकी विशेषज्ञों को शामिल करने की मांग की। साथ ही शहर के संवेदनशील सीवर फ्लो प्वाइंट, मैनहोल और अन्य स्थानों की जांच, सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल, बालू व अन्य सामग्री की खरीद और परिवहन से संबंधित जानकारी जुटाने तथा घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का वैज्ञानिक परीक्षण कराने की मांग की।

शशांक शेखर त्रिपाठी ने कहा कि यदि जांच में सीवर व्यवस्था को जानबूझकर बाधित करने अथवा जलभराव और अव्यवस्था उत्पन्न करने का प्रयास सामने आता है, तो संबंधित लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मामला काशी की सार्वजनिक व्यवस्था और शहरवासियों की सुरक्षा से जुड़ा है, इसलिए इसकी निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाना आवश्यक है।

ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रमुख सचिव, गृह विभाग, उत्तर प्रदेश शासन और सचिव, गृह मंत्रालय, भारत सरकार को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

Share this story