पंचशील ध्वज और रोशनी से जगमगाएंगे सारनाथ के बौद्ध मंदिर, 22 नवंबर से धार्मिक अनुष्ठान
वाराणसी। भगवान बुद्ध की प्रथम उपदेश स्थली सारनाथ में कार्तिक बुद्ध पूर्णिमा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। पर्व के मद्देनजर यहां स्थित बौद्ध मठों और मंदिरों को सजाने-संवारने का काम शुरू कर दिया गया है। परिसर की साफ-सफाई, रंग-रोगन के साथ पंचशील ध्वज और बिजली की रंगीन झालरों से मंदिरों को आकर्षक रूप दिया जा रहा है। 22 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों में देश-विदेश से करीब पांच हजार बौद्ध अनुयायियों के पहुंचने की संभावना है।
महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया के तत्वावधान में मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। मंदिर परिसर में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को भगवान बुद्ध के अस्थि अवशेषों के दर्शन का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही विश्व शांति और लोक कल्याण की कामना के साथ महापरित्राण पाठ भी किया जाएगा।
विहाराधिपति भिक्षु आर सुमिता नंद थेरो के अनुसार, 22, 23 और 24 नवंबर को तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम होंगे। इस दौरान भगवान बुद्ध के अस्थि अवशेषों के दर्शन कराए जाएंगे। 24 नवंबर को भगवान बुद्ध के अस्थि कलश की शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
वहीं, प्रभारी भिक्षु चंदिमा थेरो ने बताया कि 22 नवंबर को सुबह नौ बजे मंदिर परिसर में 500 बौद्ध भिक्षुओं को कठिन चीवर दान किया जाएगा। इसके बाद दोपहर डेढ़ बजे धम्म सभा आयोजित होगी। रात में बौद्ध भिक्षु बोधि वृक्ष के नीचे एकत्र होकर लोक मंगल और विश्व शांति की कामना के साथ पूरी रात महापरित्राण पाठ करेंगे।
कार्तिक बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर सारनाथ में अंतरराष्ट्रीय बौद्ध संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। श्रीलंका, म्यांमार, थाईलैंड, वियतनाम, कंबोडिया सहित नेपाल और भूटान के अलावा पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और त्रिपुरा से भी बड़ी संख्या में अनुयायी पहुंचेंगे। थाई, चीनी, वियतनामी, कंबोडियाई और तिब्बती बौद्ध मंदिरों में भी सजावट और अन्य तैयारियां शुरू हो गई हैं।
धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सारनाथ में कार्तिक बुद्ध पूर्णिमा का विशेष महत्व है। ऐसे में तीन दिनों तक चलने वाले आयोजनों के दौरान यहां देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है। मंदिर प्रबंधन की ओर से आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने की तैयारियां की जा रही हैं।
