×

सावन भर कैंट स्टेशन पर मिलेगा सिर्फ सात्विक भोजन, मांसाहार पर रोक

सावन भर कैंट स्टेशन पर मिलेगा सिर्फ सात्विक भोजन, मांसाहार पर रोक
सावन में कैंट स्टेशन पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, रेलवे ने किए व्यापक इंतजाम

वाराणसी। श्रावण मास के दौरान बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर पूरे सावन माह मांसाहारी भोजन की बिक्री और परोसने पर प्रतिबंध रहेगा। इस अवधि में स्टेशन परिसर स्थित सभी रेलवे स्टॉल एवं खानपान इकाइयों पर केवल सात्विक एवं शाकाहारी भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इस संबंध में अपर मंडल रेल प्रबंधक बृजेश कुमार यादव ने हाल ही में विभागीय अधिकारियों के साथ हुई बैठक में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

रेलवे प्रशासन ने सावन में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए कैंट स्टेशन पर अस्थायी रैन बसेरे की व्यवस्था की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन भी किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को भी और सुदृढ़ किया गया है। पूरे स्टेशन परिसर में लगे 360 डिग्री क्षमता वाले 184 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। साथ ही सीसीटीवी कंट्रोल रूम में अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी, जिससे हर गतिविधि पर प्रभावी नजर रखी जा सके।

स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में वाराणसी कैंट स्टेशन से प्रतिदिन लगभग 90 हजार यात्री आवागमन करते हैं, जबकि सावन माह में यह संख्या बढ़कर करीब 1.80 लाख तक पहुंचने का अनुमान है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सुविधा एवं सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।

Share this story