×

विश्व पर्यावरण दिवस पर विद्यालय परिसर में चला वृक्षारोपण अभियान, दिया ‘एक पेड़ हर साल’ का संदेश

विश्व पर्यावरण दिवस पर विद्यालय परिसर में चला वृक्षारोपण अभियान

वाराणसी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बीजीएम पब्लिक स्कूल द्वारा पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर छात्रों, अभिभावकों एवं समाज के लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

विद्यालय के मानद निदेशक पी.एन. सिंह ने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखना केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आधुनिक विकास की प्रक्रिया में पेड़ों की कटाई कई बार आवश्यक हो जाती है, लेकिन इसके साथ ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण भी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि जहां एक पेड़ काटा जाता है, वहां उसके बदले कम से कम दो से तीन नए पेड़ लगाए जाने चाहिए। इससे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।

विद्यालय के एकेडमिक डायरेक्टर शशि प्रकाश सिंह ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे धरती पर हरियाली बनाए रखते हैं, वर्षा चक्र को संतुलित करते हैं तथा बढ़ते तापमान और प्रदूषण को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर विद्यालय प्रशासन ने सभी छात्रों और अभिभावकों से हर वर्ष कम से कम एक पेड़ लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास पर्याप्त भूमि उपलब्ध नहीं है, वे गमलों में पौधे लगाकर भी पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दे सकते हैं।

विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में की गई छोटी-छोटी पहलें भविष्य में बड़े बदलाव का आधार बन सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया।

Share this story