पुष्य नक्षत्र पर 190 बच्चों को कराया गया निःशुल्क स्वर्णप्राशन, 26 दिसंबर को अगला शिविर
वाराणसी। राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, चौकाघाट में पुष्य नक्षत्र के अवसर पर निःशुल्क स्वर्णप्राशन शिविर का आयोजन किया गया। Hope N Heal Nutraceuticals के सौजन्य से कौमारभृत्य (बाल रोग) विभाग की ओपीडी संख्या-9 में आयोजित इस शिविर में कुल 190 बच्चों को स्वर्णप्राशन कराया गया।
शिविर का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) डी.के. मौर्य के मार्गदर्शन तथा विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) विनोद कुमार स्वामी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस दौरान विभाग की चिकित्सकीय टीम और इंटर्न छात्रों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। शिविर में इंटर्न छात्र डॉ. धनंजय एवं डॉ. कविता सरोज के साथ चिकित्सक डॉ. अंजू, डॉ. रुचि तिवारी और डॉ. अश्विनी गुप्ता मौजूद रहे।

आयोजकों के अनुसार, आयुर्वेद में स्वर्णप्राशन को बच्चों के स्वास्थ्य एवं विकास से जुड़ी पारंपरिक विधि के रूप में जाना जाता है। इसके माध्यम से रोग प्रतिरोधक क्षमता, पाचन शक्ति, बुद्धि एवं स्मरण शक्ति के विकास में लाभ होने का दावा किया जाता है।
26 दिसंबर को लगेगा अगला शिविर
आयोजकों ने बताया कि अगला निःशुल्क स्वर्णप्राशन शिविर 26 दिसंबर 2026, शनिवार को पुष्य नक्षत्र के अवसर पर आयोजित किया जाएगा। शिविर का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है। इच्छुक अभिभावक अपने बच्चों को लेकर राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, चौकाघाट स्थित बाल रोग विभाग की ओपीडी संख्या-9 में पहुंच सकते हैं।
